रोहतक जिले में महम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता गणना प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन का कार्य तेजी से जारी है। अब तक पूरे विधानसभा क्षेत्र में 66 प्रतिशत डिजिटलाइजेशन कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। वीरवार को एसडीएम कार्यालय, महम में महम विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी विपिन कुमार ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने सभी बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का कार्य 14 जुलाई, 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर पंजीकृत सभी मतदाताओं तक गणना प्रपत्र अनिवार्य रूप से पहुंचाए जाएं। प्राप्त प्रपत्रों का समयबद्ध डिजिटलाइजेशन कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। 125 बूथों पर डिजिटलाइजेशन का कार्य 70 प्रतिशत से अधिक विपिन कुमार ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के कुल 217 बूथों में से 125 बूथों पर डिजिटलाइजेशन का कार्य 70 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। वहीं, 90 बूथों पर 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों, बीएलओ और डेटा एंट्री ऑपरेटरों के समन्वित प्रयासों से अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। शेष बूथों पर भी निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। बीएलओ को किया सम्मानित बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। बूथ संख्या-35 के बीएलओ सुनील कुमार को उनके बूथ पर 1,389 मतदाता होने के बावजूद 7 जुलाई तक 100 प्रतिशत डिजिटलाइजेशन कार्य पूरा करने पर रिटर्निंग अधिकारी विपिन कुमार ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। एसडीएम विपिन कुमार ने सभी बीएलओ से आह्वान किया कि वे पूरी जिम्मेदारी, ईमानदारी एवं समयबद्धता के साथ अभियान को सफल बनाएं। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सही, शुद्ध एवं अद्यतन रूप से दर्ज करना है। बैठक में सुपरवाइजर राकेश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Source link
महम में मतदाता गणना प्रपत्रों का 66% डिजिटलाइजेशन पूरा:SDM विपिन कुमार के बीएलओ को निर्देश, 14 जुलाई तक पूरा करें काम
