रोहतक जिले के महम शहर के बाजार और नई अनाज मंडी से अतिक्रमण हटाने की मांग उठी है। दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से इस संबंध में शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया है। उन्होंने शारदा अस्पताल के सामने सड़क किनारे रखे जनरेटर को हटाने की भी मांग की है। लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार और मंडी क्षेत्र में दुकानों के बाहर सामान रखने और सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण आवागमन में भारी परेशानी होती है। व्यस्त समय में बाजार में अक्सर जाम लग जाता है, जिससे व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। दुकानदारों ने सुझाव दिया कि यदि नगर पालिका समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाए और सभी व्यापारियों को निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखने के लिए प्रेरित करे, तो बाजार की व्यवस्था सुधर सकती है। उन्होंने नियमित निरीक्षण और नियमों के समान पालन की मांग की। शारदा अस्पताल के जनरेटर का मुद्दा भी उठाया स्थानीय लोगों ने शारदा अस्पताल के सामने सड़क किनारे रखे जनरेटर का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि जनरेटर सड़क के बहुत निकट होने से रास्ता संकरा हो गया है। जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और दुर्घटना का जोखिम बना रहता है। उन्होंने जनहित में जनरेटर को उचित स्थान पर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया। इस संबंध में नगर पालिका महम के सचिव ने उपस्थित लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि बाजार और मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा। शारदा अस्पताल के सामने जनरेटर के मामले की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके। लोगों से सहयोग की अपील सचिव नवीन नांदल ने लोगों और व्यापारियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और यातायात के अनुकूल बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नगर पालिका जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करेगी और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
Source link
महम बाजार में अतिक्रमण से लोग परेशान:नगर पालिका से कार्रवाई की मांग, शारदा अस्पताल के सामने जनरेटर हटाने का भी अनुरोध
