सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की कवायद के तहत बुधवार को एसडीएम अभिनव सिवाच ने नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा भंडारण, कर्मचारियों की उपस्थिति और साफ-सफाई व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मरीजों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए और अस्पताल परिसर में स्वच्छ व व्यवस्थित वातावरण बनाए रखा जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सबसे पहले हाजिरी रजिस्टर और दवाइयों के स्टॉक रजिस्टर की जांच की। उन्होंने अधिकारियों से अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों, मरीजों की संख्या और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में आने वाले मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का भी मूल्यांकन किया। अस्पताल परिसर का निरीक्षण करते हुए एसडीएम ने साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ वातावरण मिलना बेहद जरूरी है। इसके लिए नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला मरीजों की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए एसडीएम अभिनव सिवाच ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाली किसी भी महिला को उपचार या अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की बाउंड्री वॉल और अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अस्पताल की सभी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हों और मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। एसडीएम अभिनव सिवाच ने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं और व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है। इस अवसर पर एसएमओ डॉ. विनय देशवाल, डीएमएस डॉ. देवेंद्र मेघा सहित अस्पताल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link
मरीजों के बेहतर इलाज के लिए खुद प्रशासन की निगरानी:बहादुरगढ़ एसडीएम अभिनव ने अस्पताल का किया निरीक्षण, दवा स्टॉक से लेकर महिला सुविधाओं तक परखी व्यवस्थाएं
