![]()
फतेहगढ़ साहिब जिले के अंतर्गत आते औद्योगिक शहर मंडी गोबिंदगढ़ में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। खन्ना की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित एक दुकान की दीवारें तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक चालक सहित 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। तकनीकी खराबी की आशंका, जान बचाने के लिए कूदा चालक प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक खन्ना की तरफ से बेहद तेज रफ्तार में मंडी गोबिंदगढ़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। आशंका जताई जा रही है कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गए थे या उसमें कोई गंभीर तकनीकी खराबी आ गई थी। ट्रक को रुकता न देख चालक ने अपनी जान बचाने के इरादे से चलती गाड़ी से नीचे छलांग लगा दी। लेकिन बदकिस्मती से वह पीछे से आ रहे एक अन्य अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया और उसका सिर डिवाइडर से इतनी बुरी तरह टकराया कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दो बाइक सवारों को रौंदा, एक की घटनास्थल पर मौत चालक के कूदने के बाद बिना ड्राइवर का यह अनियंत्रित ट्रक सड़क पर काल बनकर दौड़ा और उसने आगे जा रहे दो बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार मोटरसाइकिल समेत ट्रक के नीचे फंस गए और दूर तक घिसटते चले गए। इनमें से एक बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायल को मंडी गोबिंदगढ़ के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां वह आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। दुकान का अगला हिस्सा ढहा, बाल-बाल बचे लोग बाइक सवारों को रौंदने के बाद भी ट्रक की रफ्तार कम नहीं हुई और वह सड़क किनारे स्थित एक दुकान के शटर और दीवारों को तोड़ता हुआ अंदर जा घुसा। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि मानो कोई बम धमाका हुआ हो। इस हादसे में दुकान का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि ट्रक को अपनी तरफ आता देख दुकान के अंदर मौजूद लोग समय रहते पीछे की तरफ भाग गए, जिससे दुकान के अंदर कोई जानी नुकसान होने से बच गया। पुलिस ने बहाल कराया ट्रैफिक, मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को हटवाया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायल युवक की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस उनके वाहनों के नंबर और जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है ताकि परिजनों को सूचित किया जा सके।
Source link
मंडी गोबिंदगढ़ में दुकान में घुसा ट्रक, दो की मौत:जान बचाने को कूदे चालक को वाहन ने कुचला, बाइक सवार बना शिकार, एक घायल







