हरियाणा के हांसी में भाखड़ा पेयजल लाइन उखाड़ने के प्रयास और सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने 31 किसान नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है। हांसी SP विनोद कुमार ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा- चैनत गांव में सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में SDO शीला देवी की शिकायत पर पुलिस ने ये एफआईआर दर्ज की। सोमवार दोपहर किसान पाइपलाइन के पास हथौड़े और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे थे। जब पाइपलाइन नहीं टूटी तो हांसी-बरवाला रोड पर बड़े पाइप डालकर जाम कर दिया था। अधिकारियों से मीटिंग के बाद ग्रामीणों ने एक दिन के लिए धरना भी स्थगित कर दिया था। इसके बाद मंगलवार को धरना फिर शुरू हुआ। महिलाओं ने धरनास्थल पर पहुंचकर पाइपलाइन से पानी कनेक्शन देने की मांग की। महिलाओं ने कल भूख हड़ताल की भी चेतावनी दी है। धरने के दौरान हुआ हंगामा शिकायतकर्ता SDO शीला देवी ने बताया कि उन्हें चैनत गांव में पानी की समस्या को लेकर चल रहे धरने के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। सोमवार दोपहर करीब 1 बजे जब वह SDM हांसी राजेश कौथ और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं, तो वहां चैनत और आसपास के गांवों के लोग पहले से ही इकट्ठा थे। पाइपलाइन उखाड़ने की कोशिश ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने कहा- प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने और रोड जाम न करने की अपील के बाद भी प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। किसान नेताओं ने हांसी-बरवाला रोड (नेशनल हाईवे) जाम कर दिया। इसके अलावा, खरकड़ी मोड़ पर पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा बिछाई गई पानी की पाइपलाइन को उखाड़ने का प्रयास किया गया। इन किसान नेताओं पर FIR SDO शीला देवी की शिकायत पर पुलिस ने अनुप चैनत, चैनत के पूर्व सरपंच सत्यवान, सरपंच प्रतिनिधि हिमांशु, किसान नेता दशरथ मलिक, हरियाणा भारतीय किसान मजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कौथ, हरियाणा भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष दिलबाग हुड्डा, टोल प्लाजा कमेटी उमरा के प्रधान कैलाश मलिक, भारतीय किसान यूनियन के विकास सीसर, भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के प्रदेश महासचिव राजू खरड़ और प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु कोहाड़ सहित 31 किसान नेताओं को नामजद किया है। इसके अलावा अन्य अज्ञात प्रदर्शनकारी पर भी केस दर्ज किया गया है। कल से भूख हड़ताल करेंगी महिलाएं किसान नेता बेलीराम फौजी ने बताया कि चैनत गांव में पेयजल की मांग को लेकर अब आंदोलन तेज किया जाएगा। बुधवार से 51 महिलाएं भूख हड़ताल पर बैठेंगी। जिसके बाद गुरुवार को 101 पुरुष भी भूख हड़ताल शुरू करेंगे। शुक्रवार को ‘सरकार की शव यात्रा’ निकालने की भी योजना है। ट्रैक्टर मालिक को भेजा नोटिस पाइपलाइन उखाड़ने के दौरान इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर के ऑनर दयानंद को प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया है। दयानंद ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह अपनी निजी जमीन पर ट्रैक्टर चला रहा था। पाइपलाइन बिना उनकी अनुमति और उचित मुआवजे के बिछाई गई है। ————— यह खबर भी पढ़ें… भाखड़ा पाइपलाइन उखाड़ने की कोशिश, ढाई घंटे रोड जाम रखा: हांसी में हथौड़े-रॉड लेकर पहुंचे लोग, टूटी नहीं तो सड़क पर उतरे; पानी कनेक्शन मांग रहे हरियाणा में हांसी के चैनत गांव में सोमवार को ग्रामीणों ने भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन को उखाड़ने की कोशिश की। दोपहर डेढ़ बजे ग्रामीण हथौड़े और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचे। (पूरी खबर पढ़ें)
Source link
