![]()
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ स्थित सेक्टर-3 में नगर निगम द्वारा एक मकान से अवैध लोहे की सीढ़ी हटाए जाने के बाद पड़ोसियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस मारपीट में दो लोग घायल हो गए, जिनमें एक के सिर की हड्डी में फ्रैक्चर आया है। घायल पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सेक्टर-3 के मकान नंबर 6000ए निवासी झिंकू सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पड़ोस में मकान नंबर 5999ए में रीता यादव अपने परिवार के साथ रहती हैं। शिकायत के अनुसार, सेक्टर में दो मंजिल तक मकान बनाने की अनुमति है, लेकिन रीता यादव ने अपने मकान पर एक अतिरिक्त मंजिल बना रखी है। दोनों मकानों के लिए एक ही सीढ़ी का उपयोग होता था। आरोप है कि रीता यादव ने बाद में अपने मकान पर अवैध रूप से लोहे की एक अलग सीढ़ी भी लगा ली थी। सीढ़ियों पर पानी गिराने का आरोप झिंकू सिंह का आरोप है कि रीता यादव और उनका परिवार अक्सर साझा सीढ़ियों पर पानी गिराते थे, जिससे आने-जाने में परेशानी होती थी। उन्होंने कई बार इस बारे में समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद उन्होंने नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर 11 जुलाई को नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अवैध लोहे की सीढ़ी को हटवा दिया। आरोप है कि निगम की टीम के वहां से जाने के तुरंत बाद रीता यादव, उनकी बेटी रागिनी यादव और बेटे अभिषेक यादव ने झिंकू सिंह और उनके भाई विश्व प्रकाश सिंह पर डंडों, सरियों और लोहे के एंगल से हमला कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। पांच महीने पहले खरीदा मकान झिंकू सिंह ने शिकायत में यह भी कहा कि उन्होंने करीब पांच महीने पहले ही यह मकान खरीदा है। उनका आरोप है कि रीता यादव के व्यवहार के कारण पिछले दो वर्षों में इस मकान को खरीदने वाले तीन लोग भी मकान छोड़कर जा चुके हैं। उनका कहना है कि मकान में आने के बाद से ही उन्हें हर महीने पुलिस चौकी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। हमले में घायल झिंकू सिंह का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनके सिर की बाईं पार्श्व हड्डी (लेफ्ट पैराइटल बोन) में बिना खिसका हुआ फ्रैक्चर पाया गया। डॉक्टरों ने इसे गंभीर चोट माना है। वहीं उनके भाई विश्व प्रकाश सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने दर्ज की शिकायत, पुलिस कर रही जांच पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घायल पक्ष की शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो सहित सभी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
Source link
बल्लभगढ़ में पड़ोसियों की झड़प, दो घायल:अवैध सीढ़ी हटाने के बाद हुआ विवाद, पुलिस ने दर्ज किया मामला







