Related Posts

बरवाला नगर परिषद में विकास कार्यों की जांच:सीएम फ्लाइंग टीम पहुंची, 90 से अधिक कार्यों के सैंपल लिए




हिसार जिले के बरवाला नगर परिषद में पिछले कुछ वर्षों में करोड़ों रुपये की लागत से कराए गए 90 से अधिक विकास कार्यों की जांच शुरू हो गई है। इन कामों में अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर सोमवार को सीएम फ्लाइंग हिसार की टीम बरवाला पहुंची। जांच टीम ने नगर परिषद के कई विकास कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और अलग-अलग स्थानों से निर्माण सामग्री के सैंपल लिए। यदि जांच में काम की गुणवत्ता खराब या किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है, तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। टीम में हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के एसडीओ भरत, एएसआई सुरेंद्र, हेड कांस्टेबल जितेंद्र, नगर परिषद के एमई अनिल तथा जेई रसीद हुसैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर शुरू हुई जांच जानकारी के अनुसार बरवाला निवासी नागरिकों द्वारा प्रदेश सरकार को शिकायत की गई थी। शिकायत में नगर परिषद में कार्यरत अधिकारियों एमई अनिल और जेई प्रवीण पर विकास कार्यों में कथित अनियमितताएं, गुणवत्ता से समझौता और वित्तीय गड़बड़ियां किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में मांग की गई थी कि नगर परिषद द्वारा पिछले वर्षों में करोड़ों रुपए की लागत से करवाए गए 90 से ज्यादा कराए गए सभी विकास कार्यों की जांच कराई जाए। शिकायत में लगाए गए कई गंभीर आरोप शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नगर परिषद द्वारा कराए गए सड़कों, गलियों, भवन निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। निर्माण कार्यों में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग करने, सीमेंट एवं सरिया की निर्धारित मात्रा से कम सामग्री लगाने, सीसी सड़कों की मोटाई कम रखने, माप पुस्तिका (मेजरमेंट बुक) में कथित रूप से अधिक माप दर्ज कर भुगतान कराने और मिट्टी भराई सहित अन्य मदों में अनियमितताएं बरतने के आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि विभिन्न विकास कार्यों के टेंडर एवं भुगतान प्रक्रिया में भी अनियमितताएं हुई हैं। शिकायतकर्ता ने सभी निर्माण कार्यों की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है। मौके पर पहुंचकर किया गया तकनीकी निरीक्षण शिकायत के आधार पर सीएम फ्लाइंग टीम ने सोमवार को बरवाला शहर के विभिन्न स्थानों पर जाकर नगर परिषद द्वारा कराए गए विकास कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया। टीम ने सड़कों, गलियों तथा अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का अवलोकन किया और कई स्थानों से निर्माण सामग्री के सैंपल लिए। श्मशान घाट का कार्य लगभग 3 करोड़ रुपए से करवाया जा रहा है और कम्युनिटी सेंटर भी लगभग 3 करोड़ रुपए की लागत से बनवाया जा रहा है। दोनों जगह से टीम ने निर्माण सामग्री के सैम्पल भरवाए हैं। इसके साथ ही कई अन्य कार्य भी करोड़ो रूपए की लागत से करवाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग की जांच नगर परिषद द्वारा गत वर्षों में कराए गए 90 से अधिक विकास कार्यों की जांच की जा रही है। टीम सभी संबंधित रिकॉर्ड, तकनीकी स्वीकृतियों, माप पुस्तिकाओं, भुगतान विवरण तथा निर्माण गुणवत्ता का भी परीक्षण करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग टीम द्वारा शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की तकनीकी आधार पर जांच की जा रही है। मौके से लिए गए निर्माण सामग्री के सैंपल लिए गए है और संबंधित विभागीय रिकॉर्ड का भी मिलान किया जाएगा। यदि जांच में किसी भी स्तर पर निर्माण कार्यों में अनियमितता, गुणवत्ता में कमी, वित्तीय गड़बड़ी अथवा सरकारी मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों, ठेकेदारों अथवा अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। ठेकेदार से 50 लाख रुपए से ज्यादा की रिकवरी नागरिकों ने बताया की लगभग एक करोड़ रुपए की लागत से करवाये गए कार्य में धांधली बरती गई थी। जिसके बाद सम्बंधित ठेकेदार से 50 लाख रुपए से ज्यादा की रिकवरी की गई है। जिससे लग रहा है कि इसमें बड़े स्तर पर धांधली बरती गई थी। स्थानीय नागरिकों ने भी मांग की कि नगर परिषद द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके और भविष्य में विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराए जाएं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें