कुरुक्षेत्र जिले के मथाना गांव में प्लास्टिक पाइप बनाने वाली फैक्ट्री में काम की तलाश में आया वर्कर पानी के टैंक में डूबने मौत हो गई। वह 5 दिन पहले ही पंजाब से काम की तलाश में अपने भाई के पास मथाना आया था। वह पैर फिसलने से पानी में गिरा, लेकिन उससे बाहर नहीं आया गया। मृतक की पहचान यूपी के बहराइच जिले के अडुका गांव के 20 साल के ननकुन के रूप में हुई है। ननकुन अपने भाई चंद्रिका, मोती लाल और पंकज से छोटा था। परिवार के लोग उसके लिए रिश्ता देख रहे थे। मथाना गांव में काम मिलने के बाद उसे भी अपने गांव वापस जाना था, लेकिन उससे पहले ननकुन की मौत हो गई। 14 जुलाई को आया था भाई के पास मोती लाल ने बताया कि उसका छोटा भाई ननकुन पहले पंजाब में किसी फैक्ट्री में काम करता था। वहां से काम छोड़कर ननकुन 14 जुलाई को कुरुक्षेत्र आया था। यहां उसने अपने भाई को मथाना गांव की प्लास्टिक पाइप फैक्ट्री के ठेकेदार से मिलवाया था। अभी उसे फैक्ट्री में काम नहीं मिला था। टैंक के पास ही नहा रहा था बताया जा रहा है कि इस दौरान उसका भाई मोती लाल गांव चला गया, लेकिन ननकुन नौकरी की तलाश में फैक्ट्री में उसके भाई के दोस्त और अन्य वर्कर के पास रुक गया। यहां ननकुन शाम को फैक्ट्री के पास बने करीब 10 फीट गहरे पानी के टैंक के पास अपने कुछ साथियों के साथ नहा रहा था। कुछ देर बाद साथी अपने काम पर लौट गए, जबकि ननकुन वहीं अकेला रह गया। खुद जाल हटाकर नहाने लगा उनके जाने के बाद उसने टैंक के ऊपर लगा लोहे का सुरक्षा जाल हटा दिया और नहाने लगा। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा। उसने टैंक से बाहर निकलने की काफी कोशिश की, लेकिन उससे बाहर नहीं निकला गया। काफी देर तक ननकुन नहीं लौटा तो फैक्ट्री के अन्य कर्मचारी उसे देखने पहुंचे। जाल हटा देख कर्मचारियों को हुआ शक टैंक के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उसके ऊपर लगे लोहे के जाल को हटाया हुआ है। शक होने पर अंदर देखा तो ननकुन पानी में पड़ा मिला। उसे तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार के लोग ननकुन की शादी के लिए रिश्ता देख रहे थे। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंपा थाना सदर थानेसर पुलिस ने मृतक के पिता मुरली के बयान के आधार पर इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की। पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Source link
फैक्ट्री के टैंक में डूबने से वर्कर की मौत:नहाते समय हादसा; 5 दिन पहले ही काम की तलाश में पंजाब से कुरुक्षेत्र आया
