![]()
फरीदाबाद के आदर्श नगर थाना क्षेत्र की सुभाष कॉलोनी स्थित लाल कोठी के पास एक तीन वर्षीय मासूम बच्चे के झुलसने का मामला सामने आया है। बच्चे की मां ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर बच्चे को जलाने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने आदर्श नगर थाने में लिखित शिकायत देकर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। किराए पर आमने-सामने रहते हैं दो परिवार पीड़ित बच्चे की मां अनीता ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सुभाष कॉलोनी में किराए के मकान में रहती हैं। उनके सामने वाले कमरे में हिना नाम की महिला भी किराए पर रहती है। अनीता के अनुसार, हिना के चार-पांच बच्चे हैं और उसके साथ मोनिका नाम की एक महिला भी रहती है, जिसे वह अपनी बहन बताती है। अनीता ने बताया कि रविवार को उनका तीन वर्षीय बेटा आदित्या घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह कब हिना के कमरे में चला गया, इसका उन्हें पता ही नहीं चला। कुछ देर बाद आदित्या रोता हुआ वापस उनके पास आया। बच्चे के हाथ, कमर पर जलने के निशान जब उन्होंने बच्चे को देखा तो उसके हाथ, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों पर जलने के निशान थे। अनीता का आरोप है कि बच्चे के शरीर पर चिमटे से जलाने जैसे निशान मिले हैं, जिससे उन्हें शक है कि किसी बड़े व्यक्ति ने उसके साथ यह हरकत की है। बच्चे की हालत देखकर अनीता तुरंत हिना के कमरे में पहुंचीं और उससे पूछा कि बच्चे के शरीर पर जलने के निशान कैसे आए। इस पर हिना ने जवाब दिया कि बच्चे आपस में खेल-खेल में एक-दूसरे को जला बैठे हैं। बच्चे की मां ने की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग हालांकि अनीता को इस बात पर विश्वास नहीं हुआ। उनका कहना है कि तीन साल का बच्चा इस तरह खुद को नहीं जला सकता, इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। घटना के बाद अनीता अपने बेटे को तुरंत इलाज के लिए बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचीं। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे फरीदाबाद के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। अनीता ने बताया कि उनके बेटे का फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में करीब चार दिन तक इलाज चला। अब बच्चे की हालत में सुधार है, लेकिन वह इस घटना से काफी डरा हुआ है। अनीता ने कहा कि जब भी वह अपने बच्चें से पूछती हैं किसने जलाया तो वह आंटी बताता है पुलिस कर रही मामले की जांच : प्रवक्ता वहीं, पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आदर्श नगर थाने में तीन वर्षीय बच्चे के झुलसने के संबंध में लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फरीदाबाद में 3 साल के बच्चे को झुलसाने का आरोप:खेलते हुए पड़ोसी के मकान में गया, बाहर आया तो शरीर पर थे जलने के निशान







