![]()
फरीदाबाद के सेक्टर-77 स्थित केएलजे सोसाइटी के रहने वाले एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उनका शव उनकी की ही कार में पीछे की सीट पर पड़ा मिला। गुरुवार सुबह जब उनके परिचितों और परिजनों ने उन्हें तलाशना शुरू किया तो उनकी टाटा टियागो कार मुजेसर-मुजेड़ी मोड़ के पास खड़ी मिली। कार की पिछली सीट पर केएलजे सोसाइटी निवासी 50 वर्षीय शंकर बनर्जी अचेत अवस्था में पड़े थे। उन्हें तुरंत कार सहित सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से ही पुलिस को घटना की सूचना दी गई। जानकारी के अनुसार, शंकर बनर्जी सेक्टर-77 स्थित केएलजे सोसाइटी के बी-ब्लॉक में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बच्चे और माता-पिता हैं। वह फरीदाबाद की एक लॉजिस्टिक कंपनी में कार्यरत थे। घर से ड्यूटी के निकला था परिजनों ने बताया कि बुधवार सुबह वह रोज की तरह अपनी टाटा टियागो कार से ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन वह अपने कार्यालय नहीं पहुंचे। दिनभर परिजन उन्हें फोन करते रहे, लेकिन उन्होंने कोई कॉल रिसीव नहीं की। शाम तक भी जब वह घर नहीं लौटे तो परिवार को चिंता हुई। हालांकि शुरुआत में परिजनों ने सोचा कि वह किसी जरूरी काम से कहीं रुक गए होंगे और देर रात तक वापस आ जाएंगे, लेकिन पूरी रात बीत जाने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। सड़क पर खड़ी मिली कार गुरुवार सुबह परिजनों और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जिस रास्ते से वह रोज काम पर जाते थे, उसी मार्ग पर मुजेड़ी मोड़ के पास उनकी कार खड़ी दिखाई दी। जब कार के पास जाकर देखा गया तो शंकर बनर्जी पिछली सीट पर मृत अवस्था में पड़े हुए थे। इसके बाद तुरंत उनकी पत्नी और अन्य परिजनों को सूचना दी गई। सभी लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत सर्वोदय अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पड़ोसी अभिनल सोलंकी ने बताया कि शंकर बनर्जी बुधवार सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटे। अगले दिन जानकारी मिली कि उनका शव उनकी ही कार की पिछली सीट पर मिला है। उन्होंने बताया कि शंकर बनर्जी एक निजी लॉजिस्टिक कंपनी में कार्यरत थे और अपने परिवार के साथ सेक्टर-77 की केएलजे सोसायटी में रहते थे। शराब की बोतल और गिलास मिला मृतक के दोस्त विपिन गुप्ता ने बताया कि शंकर बनर्जी बेहद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और वह शराब नहीं पीते थे। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर वह भी अस्पताल पहुंचे। उन्हें यह जानकर हैरानी हुई कि शंकर बनर्जी कार की पिछली सीट पर ऐसे मिले जैसे कोई आराम करने के लिए लेटा हो। विपिन गुप्ता ने बताया कि कार के अंदर कुछ शराब की बोतलें और एक गिलास भी मिला है, जबकि शंकर बनर्जी का मोबाइल फोन कार में नहीं मिला। कार की चाबी गाड़ी में लगी हुई थी, लेकिन गाड़ी बंद थी। उन्होंने कहा कि पूरी घटना संदिग्ध लग रही है और इसकी गहन जांच होनी चाहिए। पुलिस कर रही मामले की जांच घटना की सूचना मिलने के बाद बीपीटीपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। बीपीटीपी थाना के पीएसआई रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार के अंदर मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Source link







