फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव जवा में खेत की जुताई के दौरान हुए हादसे में 52 वर्षीय किसान सत्य प्रकाश की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब किसान ट्रैक्टर से जुड़े रोटावेटर की मदद से धान की फसल की बुवाई की तैयारी के लिए खेत की जुताई कर रहे थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के सरपंच विष्णु ने बताया कि जुताई के दौरान रोटावेटर में घास फंस गई थी। मशीन बंद होने के बाद सत्य प्रकाश उसे साफ करने के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान अचानक रोटावेटर चल पड़ा। सबसे पहले उनका हाथ मशीन में फंस गया और देखते ही देखते पूरा शरीर रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। धान बुवाई की तैयार कर रहा था किसान घटना के समय खेत में मौजूद लोगों ने तुरंत मशीन बंद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान (बीके) अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बताया कि सत्य प्रकाश खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने खेती के लिए खेत ठेके पर ले रखे थे और सोमवार सुबह धान की बुवाई की तैयारी में जुटे थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरा अभी अविवाहित है।
Source link
फरीदाबाद में रोटावेटर में फंसने से किसान की मौत:धान बुवाई की तैयारी कर रहा, फंसी घास को निकाल रहा था, दो बेटों का पिता
