फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में एक युवक की छत से गिरने से मौत हो गई। सुबह जब स्थानीय लोग गली से गुजर रहे थे तो उन्होंने करीब 30 से 35 वर्षीय युवक को गली में मुंह के बल पड़ा देखा। युवक के मुंह के आसपास काफी खून फैला हुआ था। लोगों ने पहले उसे उठाने की कोशिश की, लेकिन वह मृत अवस्था में था। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सिविल अस्पताल लेकर गई। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। यूपी का रहने वाला था मृतक पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मृतक की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष थी। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के मोटगांव का रहने वाला था और फरीदाबाद की राजीव कॉलोनी में किराए के मकान में अकेला रहता था। वह एक निजी कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करता था और अविवाहित था। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात उन्होंने जितेंद्र को मकान की छत पर सोते हुए देखा था। इसके बाद देर रात किसी समय वह छत से नीचे गली में गिर गया, लेकिन किसी को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। सुबह करीब पांच बजे गली से गुजर रहे लोगों ने उसे खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। नशे की हालत में गिरने की आशंका पड़ोसियों के अनुसार जितेंद्र शराब पीने का आदी था और घटना वाली रात भी उसने काफी शराब पी रखी थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गया। जिस मकान में वह रहता था, उसकी छत पर बाउंड्री वॉल भी नहीं थी। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे और पोस्टमार्टम के बाद शव अपने साथ ले गए। परिजनों ने भी पुलिस को बताया कि छत पर बाउंड्री नहीं होने और नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने के कारण जितेंद्र नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में कानूनी कार्रवाई पूरी की जा रही है।
Source link
फरीदाबाद में छत से गिरकर युवक की मौत:नशे की हालत में हादसे की आशंका, यूपी का रहने वाला
