![]()
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित सेक्टर-3 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शराब के अहाता मैनेजर की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह वारदात मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे की है, जब बंद अहाता खुलवाकर शराब पीने की बात को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर अहाता मैनेजर की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने करीब 15 से 20 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के ओरैया के रहने वाले आदेश यादव के रूप में हुई है, जो सेक्टर-3 में शराब के ठेके के साथ बने अहाते का मैनेजर था। घटना के बाद मृतक के भाई सुमित ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दी थी, जिसके आधार पर सेक्टर-8 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा की टीम को सौंप दी गई थी। गुरुग्राम के रहने वाले हैं हत्या आरोपी युवक पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार (16 अप्रैल) को इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक (23) और रोहित (23) निवासी इंदिरा कॉलोनी झाड़सा, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 14 अप्रैल को सेक्टर-3 स्थित सामुदायिक केंद्र में अभिषेक की भांजी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। शादी समारोह में शामिल होने के लिए कई रिश्तेदार और मेहमान वहां पहुंचे हुए थे। देर रात करीब 12 बजे के आसपास अभिषेक अपने एक भांजे के साथ सामुदायिक केंद्र के पास स्थित शराब के ठेके पर शराब लेने पहुंचा। जब वे वहां पहुंचे तो ठेका बंद हो चुका था। इसके बाद उन्होंने ठेके के साथ बने अहाते का दरवाजा खटखटाया। अंदर मौजूद अहाता मैनेजर आदेश यादव ने दरवाजा खोला तो युवकों ने उससे शराब देने की मांग की। आदेश ने उन्हें बताया कि ठेका बंद हो चुका है और अब शराब उपलब्ध नहीं है। शराब ना देने को लेकर हुई कहासुनी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आदेश यादव और उसका भाई सुमित युवकों के पीछे भागे। इस दौरान आरोपी युवक भागकर सामुदायिक केंद्र पहुंचे और वहां से अपने अन्य साथियों को बुला लाए। थोड़ी ही देर में करीब 10 से 12 युवक वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर आदेश यादव को घेर लिया। इसके बाद आरोपियों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से आदेश यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के दौरान उसका भाई सुमित उसे बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावरों की संख्या ज्यादा होने के कारण वह खुद भी मारपीट का शिकार हो गया। स्थिति बिगड़ती देख सुमित डर के कारण पीछे हट गया और आरोपी लगातार आदेश पर हमला करते रहे। लाठी-डंडों और पत्थरों से किए गए हमले में आदेश यादव को गंभीर चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। 15-20 युवकों के खिलाफ दर्ज हुआ केस वहीं, मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने 15 से 20 अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुट गई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
Source link
फरीदाबाद में अहाता मैनेजर हत्याकांड में दो अरेस्ट:शराब न देने को लेकर हुआ था विवाद, गुरुग्राम के रहने वाले हैं पकड़े गए युवक






