![]()
फरीदाबाद जिले के उपमंडल मोहना स्थित कामधेनु गोशाला में रविवार देर रात कुछ युवकों द्वारा हमला करने और फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद गोशाला में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। गोशाला की देखरेख करने वाले लोकेश अत्री ने बताया कि रात करीब 10 बजे करीब 12 युवक और एक युवती गोशाला पहुंचे। उनके अनुसार सभी युवक शराब के नशे में थे। आरोप है कि उन्होंने गोशाला के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज शुरू कर दी और शराब व बीयर की बोतलें तोड़ने लगे। जब गोशाला की ओर से इसका विरोध किया गया तो युवकों ने लोकेश अत्री के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। हमलावरों ने 2 राउंड फायरिंग की पीड़ित के मुताबिक, विवाद के बाद सभी आरोपी वहां से चले गए, लेकिन करीब 20 मिनट बाद वे दोबारा लौटे। इस बार आरोपी एक बलेनो कार, एक शिफ्ट कार और 8 से 10 बाइक पर सवार होकर आए। आरोप है कि इसी दौरान कार में बैठे एक युवक ने 2 राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही गोशाला में मौजूद लोगों में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस घटना में किसी के गोली लगने की सूचना नहीं है। 2 बाइक छोड़कर भागे आरोपी घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। भागने की जल्दबाजी में उनकी 2 बाइक वहीं छूट गईं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हाथापाई के दौरान एक वाहन के शीशे भी टूट गए। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों में से एक युवक अपना नाम केशव बता रहा था। जिससे उसकी पहचान में पुलिस को मदद मिल सकती है। घटना की सूचना तुरंत डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। पीड़ित पक्ष ने बताया कि इससे पहले भी गोशाला में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे गोशाला से जुड़े लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। छांयसा थाना प्रभारी गोपाल दास ने बताया कि फायरिंग जैसे गंभीर मामलों में पुलिस लिखित शिकायत का इंतजार नहीं करती। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मौके पर छूटी बाइक के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फरीदाबाद की गोशाला में देर रात हमला:युवकों ने की फायरिंग, मची अफरा-तफरी, 2 बाइक छोड़कर भागे आरोपी







