फरीदकोट के सादिक रोड पर शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली देवरानी-जेठानी संजना और पूजा के परिजनों ने आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी न होने पर शनिवार बाद दोपहर सादिक रोड जाम कर धरना शुरू कर दिया। दोनों महिलाएं शहीद बलविंदर सिंह नगर की रहने वाली थीं और हादसे के समय नहर किनारे से पानी भर कर एक्टिवा पर आ रही थी। परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने और इंसाफ दिलाने की मांग की। गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह संजना और पूजा एक्टिवा पर सवार होकर जा रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। परिवार बोला-पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी पीड़ित परिवार और उनके रिश्तेदारों ने कहा कि हादसे को 32 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपी चालक को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है। परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होता, उनका धरना और सड़क जाम जारी रहेगा। डीएसपी तरलोचन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे धरने की सूचना मिलते ही डीएसपी तरलोचन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में विभिन्न टीमें आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से सड़क जाम समाप्त करने की अपील भी की। पुलिस के आश्वासन के बावजूद समाचार लिखे जाने तक परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे और सड़क जाम जारी था।
Source link
फरीदकोट हादसे के आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लगाया जाम:मृतक देवरानी-जेठानी के परिजन का प्रदर्शन; पुलिस की ढीली कार्रवाई पर रोष जताया
