![]()
फरीदकोट जिले की थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने लूट की योजना बना रहे एक गैंग के पांच सदस्यों को तेजधार हथियारों समेत गिरफ्तार किया है। थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कोटकपूरा की गांधी बस्ती निवासी पवन कुमार उर्फ लंगू, बंगाली बस्ती निवासी कर्ण, गांधी बस्ती निवासी रवि, जसवंत सिंह और दुआरेआणा निवासी हैप्पी कुमार के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं। मुखबिर की सूचना पर छापेमारी पुलिस के अनुसार, एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देशों के तहत असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार और थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर चमकौर सिंह की निगरानी में एएसआई भूपिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान जैतो चुंगी के पास टीम को सूचना मिली कि उक्त व्यक्ति जैतो बाईपास लिंक रोड पर तेजधार हथियारों के साथ राहगीरों से लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर पांचों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक लोहे की पाइप, दो कापे, एक किरपान और एक खंडा बरामद किया है। कई वारदातों का हो सकता है खुलासा इस मामले में डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से तीन के खिलाफ पहले से ही कुल 11 मामले दर्ज हैं। अब इन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और इलाके में हुई अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
Source link
फरीदकोट में लूटपाट गिरोह के 5 बदमाश गिरफ्तार:लिंक रोड पर साजिश करते समय पुलिस ने पकड़ा, आरोपियों पर पहले भी 11 केस







