![]()
विदेश से डायमंड का हार भेजने का झांसा देकर साइबर ठगों ने फतेहाबाद जिले के भट्टू कलां निवासी फास्ट फूड विक्रेता से 6 लाख 100 रुपए हड़प लिए। ठगों ने पहले भारत आने की परमिशन, फिर कस्टम ड्यूटी, पार्सल रिलीज कराने और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम वसूल ली। जब आरोपियों ने लगातार और पैसे मांगने शुरू किए तो फास्ट-फूड विक्रेता को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने अब केस दर्ज कर जांच शुरू की है। बेटी के मोबाइल पर आई वॉट्सऐप कॉल पुलिस को दी शिकायत में भट्टू कलां निवासी राजेंद्र ने बताया कि वह फास्ट फूड का काम करता है। 14 मई को उसकी बेटी के मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम रवि बताया और कहा कि वह विदेश से उसके लिए डायमंड का हार भेज रहा है तथा जल्द ही भारत आने वाला है। उसने भारत आने की परमिशन के नाम पर 10 हजार 100 रुपए मांगे और एक क्यूआर कोड भेज दिया। राजेंद्र ने बताया कि 18 मई को बेटी ने उसे पूरी बात बताई, जिसके बाद उसने अपने मोबाइल से क्यूआर कोड पर 10 हजार 100 रुपए भेज दिए। इसके बाद फिर कॉल आई। इस बार खुद को कस्टम विभाग का कर्मचारी बताया। कस्टम ड्यूटी जमा करवाने के नाम पर भरवाए 85 हजार उसने कहा कि उनका पार्सल काफी कीमती है और उसे छुड़ाने के लिए 85 हजार रुपए की कस्टम ड्यूटी जमा करनी होगी। अगले दिन उसने दो ट्रांजैक्शन के जरिए 85 हजार रुपए भेज दिए। इसके बाद आरोपियों ने पार्सल भारत लाने के लिए 1.05 लाख रुपए और मांगे। पीड़ित ने 50 हजार और 55 हजार रुपए गांव के सीएससी सेंटर के माध्यम से जमा करा दिए। इसके बाद पार्सल पहुंचाने के लिए 3.80 लाख रुपए और मांगे। उसने अपने परिचित के फोन और सीएससी सेंटर के जरिए 2 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि 1.80 लाख रुपए आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खाते में जमा करवा दिए। इसके बाद भी आरोपियों ने यह कहकर 1.70 लाख रुपए और मांगे कि पार्सल कस्टम विभाग ने पकड़ लिया है। 20 मई को उसने फिर 20 हजार रुपए क्यूआर कोड पर भेज दिए। इसके बाद भी लगातार पैसे मांगने पर उसे शक हुआ। उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है। आरोपियों ने उससे कुल 6 लाख 100 रुपए ठग लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Source link
फतेहाबाद में फास्ट-फूड विक्रेता से हड़पे 6 लाख रुपए:विदेश से डायमंड हार भेजने का दिया झांसा; बेटी के नंबर पर आई कॉल







