![]()
पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आज (गुरुवार) को फतेहाबाद में 77वां जिला स्तरीय वन महोत्सव आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे के बाद गांव भोडियाखेड़ा के राजकीय उच्च विद्यालय में होगा, जहां जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। कार्यक्रम में नलवा से बीजेपी विधायक रणधीर पनिहार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि इसकी अध्यक्षता डीसी डॉ. विवेक भारती करेंगे। वन विभाग की ओर से कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर सहित आसपास के क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे तथा उनकी देखभाल का भी संकल्प दिलाया जाएगा। ये भी रहेंगे मौजूद इस अवसर पर रतिया विधायक जरनैल सिंह, पूर्व मंत्री देवेंद्र सिंह बबली, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व विधायक दुड़ाराम, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा, जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खिचड़, चेयरमैन बलदेव ग्रोहा, चेयरमैन राजपाल बैनीवाल, स्थानीय निकाय चेयरमैन, ब्लॉक समिति चेयरमैन तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। पौधों की नियमित देखभाल पर होगा फोकस जिला वन अधिकारी राजेश लीलड़ ने बताया कि वन महोत्सव के माध्यम से जिलेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य केवल पौधरोपण तक सीमित न रहकर पौधों के संरक्षण को भी जनभागीदारी से जोड़ना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों की भागीदारी रहेगी। इस दौरान सैकड़ों पौधे लगाए जाएंगे।
Source link







