![]()
फतेहाबाद पंचायत समिति की चेयरपर्सन पूजा चराईपौत्रा और बीडीपीओ भजनलाल के बीच विवाद अभी तक थमा नहीं है। आज मंगलवार को भी चेयरपर्सन बीडीपीओ के खिलाफ धरने पर बैठेंगी। चेयरपर्सन का दावा है कि उनका धरना अनिश्चितकालीन चलेगा। जब तक बीडीपीओ पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी तब तक वह धरना खत्म नहीं करेंगी। बता दें कि बीडीपीओ के खिलाफ चेयरपर्सन पूजा चराईपौत्रा ने सोमवार को 11 सरपंचों के साथ खंड कार्यालय में धरना दिया था। वहीं दूसरी तरफ बीडीपीओ भजनलाल के समर्थन में भी कुछ पंचायत समिति सदस्य और अन्य लोग पहुंचे थे। उन्होंने बीडीपीओ को सस्पेंड करने की मांग की। दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार होने और चेयरपर्सन भी बीजेपी से होने के बावजूद मामला लगातार गहराता जा रहा है। मगर कोई बड़ा नेता या उच्चाधिकारी मामले में मध्यस्थता कर इसे सुलझाने में रुचि नहीं ले रहा है। चेयरपर्सन पूजा चराईपौत्रा इस समय बीजेपी की जिला कार्यकारिणी सदस्य भी हैं। जानिए… क्या है विवाद चेयरपर्सन पूजा पर पिछले दिनों पंचायत समिति सदस्य अमनदीप ने सीएम विंडो पर शिकायत देकर धार्मिक स्थलों पर लोहे के शेड बनवाने का आरोप लगाया था। आरोप है कि नियमों की अनदेखी करके 6 गांवों में शेड लगाए गए। जिन पर करीब 30 लाख रुपए खर्च किए गए। बीडीपीओ ने जांच के बाद सीएम विंडो की शिकायत के जवाब में चेयरपर्सन पर कार्रवाई की अनुशंसा कर दी। इसी बात से खफा होकर चेयरपर्सन व उनके समर्थकों ने बीडीपीओ पर मनमानी के आरोप लगाते हुए धरने का ऐलान कर दिया। आरटीआई लगाने से भी परेशान हुई चेयरपर्सन चेयरपर्सन पूजा चराईपौत्रा का कहना है कि बार-बार आरटीआई लगाकर भी उनको काम करने से रोका जा रहा है। जो भी काम करवाए जाते हैं, उसी की आरटीआई लगा दी जाती है। इस तरह जान बूझकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। आरटीआई लगाने वालों को बीडीपीओ शह देते हैं। बीडीपीओ का जवाब-मैं अपना काम ईमानदारी से कर रहा बीडीपीओ भजनलाल का इस मुद्दे पर कहना है कि उन्हें आए हुए चार महीने हो चुके हैं। इतने दिनों में एक बार वह उनसे मिली है। कोई भी काम रोकने या मनमानी करने की उनकी कोई मंशा नहीं है। हम हर काम साफ-सुथरे तरीके से करना चाहते हैं। इसी बात का विरोध हो रहा है। मैं अपनी सीट का काम पूरी ईमानदारी से कर रहा हूं। सबका आदर मान भी करता हूं। बेवजह मेरे पीछे पड़े हुए हैं। सीएम विंडो या समाधान शिविर में कोई शिकायत देगा तो उसकी जांच रिपोर्ट तो हमें देनी होगी।
Source link
फतेहाबाद में आज भी BDPO के खिलाफ लगेगा धरना:थम नहीं रहा चेयरपर्सन के साथ विवाद; सस्पेंड करने की मांग







