![]()
पानीपत के मतलौड़ा में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोपी अजीत उर्फ सोनू को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर पैसों के लेनदेन को लेकर अटावला निवासी अंशुल पर पिस्टल से गोली चलाने का आरोप है। सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि आरोपी अजीत उर्फ सोनू मतलौड़ा क्षेत्र में शराब के ठेके चलाता है। अटावला निवासी अंशुल ने अपने गांव के मोनू के साथ मिलकर अजीत से अटावला गांव का शराब ठेका एक साल के लिए लिया था। कुछ समय से अंशुल और अजीत के बीच बकाया पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते 10 जून को अंशुल सफीदों में एक अस्पताल के बाहर अजीत से मिलने आया था। बाद में अंशुल अपनी गाड़ी से मतलौड़ा के नरवाल कॉम्प्लेक्स पहुंचा, जहां उसके दो साथी बिट्टू और अमन पहले से फॉर्च्यूनर गाड़ी में इंतजार कर रहे थे। लेन-देन को लेकर हुई बहस तीनों फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठकर पैसों के हिसाब-किताब पर बातचीत करने लगे। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और अजीत उर्फ सोनू ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर फायर कर दिया। गोली अंशुल के पैर में लगी। थाना मतलौड़ा में दर्ज शिकायत में अंशुल ने बताया कि 10 जून की शाम करीब 6 बजे उसने सोनू नरवाल (जोशी गांव निवासी) को पैसों के लेनदेन के लिए फोन किया था। सोनू ने उसे पहले सफीदों बुलाया और फिर मतलौड़ा के नरवाल कॉम्प्लेक्स आने को कहा। अंशुल अपने दोस्तों बिट्टू और अमन के साथ शाम 7:30 बजे वहां पहुंचा। गुस्से में निकाली पिस्टल, चलाई गोली अंशुल के अनुसार, गाड़ी में हिसाब-किताब के दौरान सोनू गुस्से में आ गया और उसने अमन पर पिस्टल तान दी। जब अंशुल ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो सोनू ने उस पर गोली चला दी। अंशुल ने पिस्टल पर हाथ मारा, जिससे गोली उसके पैर में लगी। इसके बाद सोनू ने बिट्टू पर भी गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन अमन ने हाथ मारकर पिस्टल नीचे गिरा दी। आरोपी पिस्टल उठाकर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया। अंशुल की शिकायत पर थाना मतलौड़ा में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने अजीत उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद की जा सके।
Source link
पानीपत में युवक पर चलाई गोली, आरोपी अरेस्ट:पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ विवाद, जान से मारने की धमकी देकर भागा







