पानीपत की समालखा थाना पुलिस ने GT रोड पर अंतरराज्यीय नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सीक्रेट इनपुट के आधार पर नाकाबंदी कर एक संदिग्ध कैन्टर से 1033 किलो 970 ग्राम डोडा चूरा (पोस्त चूरा) बरामद किया है। शातिर तस्कर ने नशे की इस भारी खेप को फैब्रिक कंडीशनर की पेटियों के नीचे बेहद चालाकी से छिपा रखा था। पुलिस ने नशीले पदार्थ और कैन्टर को कब्जे में लेकर पंजाब के होशियारपुर निवासी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर की सूचना पर भोड़वाल माजरी के पास लगाया जाल समालखा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम गश्त और आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए जीटी रोड पर पट्टी कल्याणा के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि दिल्ली की तरफ से आ रहा एक कैन्टर चालक भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर पंजाब की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए जीटी रोड पर भोड़वाल माजरी के पास फोरलेन पर मजबूत नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। तलाशी में खुली पोल- 601 पेटियों के नीचे छिपे थे 51 कट्टे नाकाबंदी के कुछ देर बाद ही दिल्ली की ओर से आता हुआ एक संदिग्ध कैन्टर दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकवाकर जब चालक से पूछताछ की, तो उसने अपनी पहचान नीतिश कौशल निवासी होशियारपुर (पंजाब) के रूप में बताई। कानूनी प्रक्रिया (NDPS एक्ट) का पालन करते हुए पुलिस ने आरोपी को राजपत्रित अधिकारी के सामने तलाशी लेने का विकल्प दिया। इसके बाद समालखा के डीएसपी मुकेश कुमार को मौके पर बुलाया गया। डीएसपी की मौजूदगी में जब कैन्टर की गहनता से तलाशी ली गई, तो ऊपर फैब्रिक कंडीशनर की 601 पेटियां लदी हुई मिलीं। जब पुलिस ने इन पेटियों को हटवाया, तो उनके नीचे छिपाकर रखे गए 51 प्लास्टिक के कट्टे बरामद हुए, जिनमें डोडा चूरा भरा हुआ था। एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(C) के तहत केस दर्ज, वीडियोग्राफी से सुरक्षित किए साक्ष्य पुलिस ने वजन तोलने के बाद नशीले पदार्थ की पूरी खेप और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कैन्टर को तुरंत सील कर अपने कब्जे में ले लिया। साक्ष्यों को अदालत में मजबूती से पेश करने के लिए पुलिस द्वारा इस पूरी बरामदगी और तौल प्रक्रिया की मौके पर ही वीडियोग्राफी भी करवाई गई। समालखा थाना पुलिस ने आरोपी नीतिश कौशल के खिलाफ धारा 15(C) एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत व्यावसायिक मात्रा में नशा तस्करी का संगीन मुकदमा दर्ज किया है।
Source link
