![]()
पानीपत के इसराना में 38 वर्षीय एक महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे रोहतक के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस को दी गई शिकायत में अदियाना निवासी कृष्ण ने बताया कि उसकी बहन कमलेश देवी (38) की शादी इसराना की बंजारा कॉलोनी निवासी विकास पुत्र राजवीर से हुई थी। कृष्ण ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही कमलेश को उसकी सास संतोष, ससुर राजवीर, देवर अमन और पति विकास दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। पहली पत्नी की मौत के बाद की थी दूसरी शादी कृष्ण के अनुसार, कमलेश की पहली शादी सोनीपत के कासंडी गांव में हुई थी, जहां उसकी एक 13 वर्षीय बेटी है। 2017 में पहले पति की मृत्यु के बाद, 2024 में कमलेश का विवाह विकास से हुआ। विकास की भी पहली पत्नी का निधन हो चुका था और उसका एक बेटा था। दोनों बच्चों को साथ रखने का फैसला हुआ था।
चार दिन पहले पति ने दो लाख रुपए या प्लॉट की मांग की थी शिकायतकर्ता ने बताया कि चार दिन पहले विकास ने फोन पर उससे 2 लाख रुपये या एक प्लॉट देने की मांग की थी। ऐसा न करने पर कमलेश को परेशान करने की धमकी दी गई थी। 21 अप्रैल को सुबह पहले देवर अमन का फोन आया और फिर कमलेश ने खुद फोन करके बताया कि उसे तंग किया जा रहा है और उसने जहरीला पदार्थ खा लिया है। परिजन जब इसराना पहुंचे, तो अमन कमलेश को रोहतक के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा चुका था। यहां इलाज के दौरान कमलेश की मौत हो गई। कृष्ण की शिकायत पर पुलिस ने कमलेश के पति विकास, सास संतोष, ससुर राजवीर और देवर अमन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Source link
पानीपत में दहेज प्रताड़ना में महिला ने दी जान:भाई को दी जहर खाने की सूचना, चार दिन पहले पति ने दो लाख रुपए की मांग की थी







