![]()
पलवल जिले में एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने गुरुग्राम से चोरी की गई एक बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी नूंह जिले का निवासी है। उसके कब्जे से बरामद बाइक गुरुग्राम के सुशांत लोक थाने से चोरी हुई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम के सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद यासिर अपनी टीम के साथ हथीन के जयंती मोड़ पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि नूंह का एक युवक चोरी की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक बेचने की फिराक में उटावड से हथीन की ओर आ रहा है। कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी सूचना को पुख्ता मानते हुए सब-इंस्पेक्टर यासिर ने तुरंत टीम के साथ उटावड-हथीन रोड बाईपास मोड पर नाकाबंदी कर दी। लगभग 15-20 मिनट बाद उटावड गांव की तरफ से एक संदिग्ध बाइक चालक आता हुआ दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान पुन्हाना के खेचेतान निवासी सलीम के रूप में बताई। जब पुलिस ने उसकी बाइक की जांच की, तो उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी और आरोपी कोई कागजात भी पेश नहीं कर पाया। संदेह होने पर पुलिस ने साइबर सेल के माध्यम से बाइक के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की, जिससे पुष्टि हुई कि बाइक गुरुग्राम से चोरी हुई थी।
Source link
पलवल में चोरी की बाइक समेत वाहन चोर गिरफ्तार:बेचने की फिराक में था, गुरुग्राम से उठाई, नूंह का रहने वाला







