![]()
पलवल के अलावलपुर गांव में एक घर में घुसकर फायरिंग करने, तोड़फोड़ करने और महिला व उसके देवर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने जाते समय पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। चांदहट थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चांदहट थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार के अनुसार, अलावलपुर निवासी सुनीता ने अपनी शिकायत में बताया कि रात के समय वह अपने घर में सो रही थी। तभी अचानक गज्जू उर्फ गजेंद्र, भीम, अजय, ब्रहम और मोहित उर्फ गुल्लु घर के बाहर आए और हवाई फायरिंग शुरू कर दी। हाथों में हथौड़े-डंडे लिए थे हमलावर फायरिंग के बाद आरोपी जबरन घर के अंदर घुस गए। उनके हाथों में हथौड़े, डंडे और अन्य खतरनाक हथियार थे। आरोपियों ने घर में घुसते ही तोड़फोड़ शुरू कर दी। सुनीता ने जब शोर मचाया और आरोपियों को तोड़फोड़ करने से रोका, तो उन्होंने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने सुनीता के हाथों पर हथौड़े से और पैरों पर डंडों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल महिला की चीख-पुकार सुनकर जब उसका देवर सूबे उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचा, तो बदमाशों ने उसे भी बेरहमी से पीटा। सूबे ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पीड़िता ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने लगे। जाते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घायलों को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। सुनीता ने पुलिस को यह भी बताया कि वारदात के बाद उसी रात करीब दो बजे मुख्य आरोपी गजेंद्र का पिता लक्ष्मण भी उनके घर आया और दोबारा जान से मारने की धमकी देकर गया।
Source link
पलवल में घर में घुसकर फायरिंग, तोड़फोड़:विरोध करने पर देवर-भाभी को पीटा, जान से मारने की धमकी, पुलिस जांच में जुटी







