पठानकोट के सुजानपुर स्थित गांव रानीपुर निवासी ट्रक चालक सुखदेव सिंह (50) की इनर इंडस्ट्रियल एरिया रोड पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने इसे सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। मृतक के भाई गुरदेव सिंह ने बताया कि सुखदेव सिंह रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच अपने ट्रक पर त्रिपाल डालने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने अपने बेटे से कहा था कि वे गाड़ी लेकर आएंगे और फिर दोनों साथ जाएंगे। काफी देर तक वापस न लौटने पर बेटे ने उन्हें फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। कुछ देर बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने सुखदेव सिंह के मोबाइल फोन से परिवार को सूचित किया कि उनका एक्सीडेंट हो गया है और वे सड़क पर घायल पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां इनर इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जाने वाले मार्ग पर सुखदेव सिंह का शव मिला। सड़क मार्ग पर पहले भी हो चुके कई हादसे ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क पर लंबे समय से भारी वाहनों की अवैध पार्किंग होती है, जिसके कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। गांव की पंचायत और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। पंचायत प्रतिनिधियों ने कंपनी प्रबंधन पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है और यह स्पष्ट नहीं किया जा रहा कि हादसा किस वाहन से हुआ। पुलिस कर रही जांच परिजनों और ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती और वास्तविक दोषियों की पहचान नहीं होती, तब तक सुखदेव सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उन्हें पुलिस जांच पर भरोसा है, लेकिन पूरे मामले की गहराई से जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए। पुलिस का पक्ष पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पठानकोट में ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध हालत में मौत:परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप; जांच पूरी होने तक संस्कार से इनकार
