पठानकोट में जम्मू से आए एक युवक के साथ ऑटो चालक द्वारा कथित तौर पर लूटपाट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जम्मू निवासी पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि वह जम्मू से पठानकोट पहुंचा था। उसे इंदौरा क्षेत्र में बिजली के काम पर जाना था। बस छूटने का समय होने के कारण उसने बस स्टैंड जाने के लिए एक ऑटो रिक्शा लिया। युवक का आरोप है कि ऑटो चालक उसे बस स्टैंड ले जाने के बजाय एक सुनसान रास्ते पर ले गया। वहां हथियार दिखाकर उसके साथ लूटपाट की गई। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज छीन लिए। उसने यह भी बताया कि ऑटो में कुछ अन्य युवक भी सवार थे, जो नशे की हालत में लग रहे थे। ऑटो पर नहीं था कोई नंबर हथियार के बल पर हुई इस लूटपाट से युवक डर गया और किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफल रहा। पीड़ित ने यह भी बताया कि ऑटो पर कोई नंबर अंकित नहीं था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल है। पीड़ित के ठेकेदार सुशांक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक उनके पास बिजली का काम करता है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश में बिजली के कार्य का ठेका लिया हुआ है। युवक अपने घर से काम पर लौट रहा था। अनजान व्यक्ति के मोबाइल से दी लूट की सूचना सुशांक ने बताया कि उन्होंने युवक को चक्की पुल से उतरकर खानपुर चौक पहुंचने के लिए कहा था, जहां से उसे आगे ले जाना था। लेकिन ऑटो चालक उसे किसी अन्य स्थान पर ले गया और उसके साथ लूटपाट की। बाद में पीड़ित ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद सुशांक उसे सुरक्षित अपने साथ ले आए। पीड़ित और उसके ठेकेदार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उसका मोबाइल, एटीएम कार्ड तथा अन्य जरूरी दस्तावेज बरामद कर वापस दिलाने की मांग की है। थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पठानकोट में ऑटो में बैठना युवक को पड़ा महंगा:बस स्टैंड की बजाय सुनसान जगह ले जाकर लूटे मोबाइल-एटीएम कार्ड
