![]()
पटियाला शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों को एक बार फिर धमकी भरा ईमेल मिला है। धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चों की सुरक्षा के लिए अभिभावकों को संदेश भेजे। उन्होंने उनसे बच्चों को स्कूल से घर वापस ले जाने का अनुरोध किया। स्कूल प्रशासन ने धमकी भरा ईमेल देखते ही तुरंत पुलिस को सूचित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने स्कूलों की गहन तलाशी ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से यह पता लगाया जा रहा है कि ईमेल कहां से आया है। हालांकि, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। स्कूलों से सूचना मिलने के बाद अभिभावकों की भीड़ उमड़ी वहीं स्कूलों द्वारा अभिभावकों को भेजे गए संदेशों में कहा गया कि “अप्रिय स्थिति और सुरक्षा कारणों से स्कूल बंद रहेगा, कृपया तुरंत आकर अपने बच्चों को ले जाएं।” स्कूलों से सूचना मिलने के बाद अभिभावकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर की कई मुख्य सड़कों पर यातायात जाम जैसी स्थिति देखने को मिली। पहले भी नामी स्कूलों को आई थी धमकी बता दें कि, इससे पहले भी पटियाला के करीब 12 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिली थी। इनमें भूपिंद्रा इंटरनेशनल समेत अन्य नामी स्कूल शामिल थे। जैसे ही ईमेल स्कूल प्रिंसिपलों तक पहुंची, तुरंत अलर्ट जारी किया गया और एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी गई थी। इसके अलावा चंडीगढ़ की अदालतों समेत कई संस्थानों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। फिलहाल पुलिस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
Source link
पटियाला के स्कूलों को फिर बम की धमकी:ईमेल मिलते ही अलर्ट, बच्चों को सुरक्षित घर भेजा; पुलिस ने परिसर की तलाशी ली







