Related Posts

पंजाब गवर्नर की सुरक्षा में बड़ी चूक:VIP लेन से गुजर रहे काफिले में इनोवा कार घुसी, एम्बुलेंस से टकराई; एक महिला समेत 2 घायल




पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के VVIP काफिले का सोमवार सुबह एक्सीडेंट हो गया। चंडीगढ़ से लुधियाना आ रहे राज्यपाल के काफिले की सुरक्षा में उस वक्त भारी लापरवाही देखने को मिली, जब समराला के घुलाल टोल प्लाजा पर एक प्राइवेट इनोवा कार अचानक VIP लेन में घुस गई। इस अफरा-तफरी में काफिले के पीछे आ रही सरकारी एंबुलेंस अनियंत्रित होकर इनोवा से जा टकराई। हादसे में एक महिला समेत दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें सड़क सुरक्षा फोर्स टीम ने फौरन अस्पताल पहुंचाया। घटना के तुरंत बाद पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी। टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में अब तक कोई बयान जारी नहीं किया है और न ही बात करने को तैयार हैं। अचानक सामने आई इनोवा, बेकाबू होकर टकराई एंबुलेंस जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे जब राज्यपाल का काफिला समराला के घुलाल टोल प्लाजा की रिजर्व VIP लेन से गुजर रहा था, तभी एक इनोवा कार ने अचानक काफिले के बीच में एंट्री मार दी। इस अप्रत्याशित घटना से हड़कंप मच गया। काफिले में शामिल सरकारी एंबुलेंस के ड्राइवर ने हादसे को टालने के लिए तुरंत वाहन रोकने की कोशिश की, लेकिन अचानक ब्रेक लगाने के चलते वह अपना नियंत्रण खो बैठा और एंबुलेंस सीधे इनोवा से जा टकराई। सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस में बैठे इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) गुरजंट सिंह (निवासी तरनतारन) और इनोवा कार में सवार महिला गुरजीत कौर (निवासी लुधियाना) घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को समराला के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में राज्यपाल के काफिले में शामिल किसी अन्य VIP वाहन को नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि यह हादसा महज एक सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि VVIP सुरक्षा में एक बहुत बड़ी सेंध है। टोल प्लाजा की VIP लेन को काफिले के गुजरने के लिए पूरी तरह से सुरक्षित रखा जाता है, उसमें एक आम गाड़ी का आ जाना बड़ी चूक है। इसकी जांच होनी चाहिए।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें