पंचकूला पुलिस की डिटेक्टिव स्टाफ टीम ने कालका क्षेत्र से एक युवक को अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट के दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि हथियार सप्लाई करने वाले की तलाश जारी है। डिटेक्टिव स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि कालका निवासी 33 वर्षीय निखिल चौरसिया टिपरा बाइपास से ग्रीन वैली घाटीवाला रोड पर अवैध हथियार लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही इंचार्ज तजिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। जेब से देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से एक अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी हथियार रखने संबंधी कोई वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद कालका थाना में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1B)(A) के तहत केस दर्ज कर लिया गया। पूछताछ में हथियार खरीदने का किया खुलासा प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अवैध हथियार खरीदने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने आरोपी को हथियार उपलब्ध कराया। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही सप्लायर तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। 2 आपराधिक केस पहले से दर्ज जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट के दो आपराधिक केस दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। यदि किसी व्यक्ति के पास अवैध हथियार होने, अपराधियों की गतिविधियों या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Source link
