![]()
पंचकूला जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को सांसद वरुण मुलाना की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई, मेयर श्यामलाल बंसल, डीसी सतपाल शर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा के दौरान कई विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे। सांसद ने पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। बैठक में सांसद वरुण मुलाना ने खुलासा किया कि तीर्थ कायाकल्प योजना के तहत माता मनसा देवी मंदिर में करीब दो वर्ष पहले सोलर पैनल लगाए गए थे, लेकिन आज तक उन्हें बिजली कनेक्शन से नहीं जोड़ा गया। उन्होंने कहा कि कनेक्शन केबल नहीं होने के कारण पूरा सिस्टम दो साल से बेकार पड़ा है और मंदिर को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि जांच में सामने आया है कि सोलर पैनल गलत स्थान पर लगाए गए, जिससे कनेक्शन देने की लागत बढ़ गई और विभाग ने काम अधूरा छोड़ दिया। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि अब इस कार्य को मेयर के माध्यम से नगर निगम के सहयोग से पूरा कराया जाएगा, ताकि मंदिर को जल्द इसका लाभ मिल सके। गवर्नर स्कूलों के टॉयलेट जांचेंगे, इससे शर्मनाक क्या होगा बैठक में सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति भी चर्चा का विषय रही। सांसद ने कहा कि अब राज्यपाल (गवर्नर) हमें यह जांचकर बताएंगे कि स्कूलों के टॉयलेट किस हालत में हैं। इससे ज्यादा शर्मनाक बात हमारे लिए क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले गवर्नर पंचकूला के सरकारी स्कूलों के निरीक्षण पर आए थे। मुलाना ने बताया कि जिले के सरकारी स्कूलों में करीब 400 कमरों की कमी है, जबकि चार स्कूल ऐसे हैं जो आज भी मंदिर और गुरुद्वारों में संचालित हो रहे हैं। उन्होंने शिक्षा विभाग को इस दिशा में गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। जनऔषधि केंद्र पर भी जताई नाराजगी बैठक में जनऔषधि केंद्र की स्थिति को लेकर भी सांसद ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को फटकार लगाई। उन्होंने कहा, शवगृह के पास जनऔषधि केंद्र बनाओगे, तो दवा कौन लेने जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि ऐसी क्या वजह है कि सरकारी केंद्र पर दवाएं नहीं बिक रहीं, जबकि बाहर मेडिकल स्टोरों पर दवाओं की बिक्री हो रही है। सांसद ने निर्देश दिए कि जनऔषधि केंद्र की लोकेशन उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक केंद्र की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रमुख स्थानों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं। बैठक में जनऔषधि केंद्र पर उपलब्ध दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ड्रग कंट्रोल ऑफिसर को नियमित सैंपलिंग करने के निर्देश भी दिए गए।
Source link
पंचकूला में जनऔषधि केंद्र की लोकेशन से सांसद नाराज:2 साल से बिना कनेक्शन पड़े सोलर पैनल; पयर्टन विभाग अधिकारियों को फटकारा







