पंचकूला जिले के मोरनी खंड के छामला गांव में घग्घर नदी से सोमवार सुबह एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान बलटाना निवासी जयकुमार के रूप में हुई है। वह रविवार को घग्घर नदी में डूब गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर युवक की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार रात 10 बजे तक तलाशी अभियान जारी रहा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था। जानकारी के अनुसार, जयकुमार पंचकूला के बलटाना क्षेत्र का निवासी था। वह अपने 5 साथियों के साथ मोरनी क्षेत्र के एक होटल में वेल्डिंग का काम करने आया था। रविवार दोपहर काम खत्म होने के बाद, सभी साथी गर्मी से राहत पाने और मछली पकड़ने के लिए घग्घर नदी में गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों और जयकुमार के साथियों राजेंद्र, हरबिलास, अवधेश और मोरपाल ने बताया कि वे सभी एक साथ नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान जयकुमार अचानक उनकी नजरों से ओझल हो गया और पानी से बाहर नहीं निकला। साथियों ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी। दोबारा सर्च अभियान के दौरान मिला शव सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रामपाल और मोरनी चौकी के कार्यकारी प्रभारी सत्यवीर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों, ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों चंद्रपाल व खेमराज की सहायता से नदी में लगातार तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अंधेरा होने के कारण रविवार रात तलाशी अभियान रोक दिया गया था। सोमवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया, जिसके बाद जयकुमार का शव बरामद कर लिया गया।
Source link
पंचकूला में घग्घर नदी से व्यक्ति का शव बरामद:नहाते वक्त डूबा, साथियों संग वेल्डिंग का काम करने आया था
