हरियाणा के पंचकूला स्थित एक क्लब में पुलिस ने छापेमारी की है। छापेमारी के दौरान पुलिस को वहां पर अवैध तौर पर हुक्का बार चलते हुए मिला। जिस पर टीम ने मौके से 2 हुक्के बरामद करते हुए क्लब के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। पंचकूला पुलिस की सेक्टर-5 थाना की टीम ने आज सुबह करीब 4 बजे सेक्टर-5 थाना में सब-इंस्पेक्टर मनदीप सिंह के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर मैकेबी क्लब में छापा मारा। जहां पर अवैध निकोटिन युक्त हुक्का चलाया जा रहा था। पुलिस टीम ने क्लब में छापेमारी के दौरान क्लब मालिक शुभम गुप्ता निवासी नारायणगढ़ मौके पर मौजूद मिला। पुलिस ने मौके से दो हुक्के बरामद किए। बरामद हुक्कों से निकोटिन के सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 223, 271, 272 और कोटपा एक्ट की धारा 4 के तहत थाना सेक्टर-5 में केस दर्ज किया गया है। डीसीपी बोलीं- अवैध हुक्का बार को नहीं बख्शेंगे डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि सेक्टर-5 के मैकेबी क्लब में अवैध रूप से परोसा जा रहा हुक्का न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ी के लिए एक गंभीर खतरा भी है। हमने क्लब मालिक को गिरफ्तार कर कड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया है और यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि शहर में कहीं भी नियमों का उल्लंघन कर चलाए जा रहे हुक्का बारों को बख्शा नहीं जाएगा। हमारी टीमें लगातार निगरानी पर हैं।
Source link
पंचकूला के नाइट क्लब में पुलिस का छापा:अवैध हुक्का बार चल रहा था; सैंपल लेकर लैब भेजे, अंबाला का रहने वाला मालिक काबू
