![]()
नूंह जिले के नगीना क्षेत्र में प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को बड़कली चौक पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अभियान शुरू करने से पहले, रविवार को नगीना और बड़कली के बाजारों में मुनादी कराकर दुकानदारों और अन्य लोगों को चेतावनी दी गई थी कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें। चेतावनी के बावजूद कब्जा नहीं हटाने वालों के खिलाफ सोमवार को यह कार्रवाई की गई। प्रशासन का कहना है कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम लगता है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी होती है। अधिकारी बोले- अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा बीडीपीओ विशाल आजाद ने बताया कि नगीना क्षेत्र में अगले एक माह तक लगातार अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की चेतावनी के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उनका सामान भी हटाया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि यदि यह अभियान लगातार चलता रहा, तो बाजारों और मुख्य मार्गों पर जाम की समस्या काफी हद तक खत्म होगी और आमजन को आवागमन में राहत मिलेगी। प्रशासन ने दोहराया है कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Source link
नूंह के नगीना में चला प्रशासन का बुलडोजर:बड़कली चौक से हटाया अतिक्रमण, चेतावनी के बावजूद नहीं हटाया अवैध कब्जा







