![]()
हरियाणा के नूंह जिले की पुन्हाना अनाज मंडी में रविवार दोपहर भीषण गर्मी के दौरान एक मजदूर की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना के बाद मंडी में हड़कंप मच गया और कामकाज कुछ समय के लिए बाधित हो गया। मजदूरों ने मंडी में सुविधाओं की कमी को लेकर जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र पासवान के रूप में हुई है। वह रोजी-रोटी के लिए पुन्हाना में मजदूरी करता था। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। चक्कर खा गिरा तो ले गए अस्पताल जानकारी के मुताबिक, मजदूर 50 वर्षीय राजेंद्र पासवान आढ़त नंबर 40 पर अनाज की बोरियां भर रहा था। तेज धूप और उमस के कारण वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला गर्मी से मौत का लग रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है और उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंडी में काम कर रहे मजदूरों में रोष इस घटना के बाद मंडी में काम करने वाले अन्य मजदूरों में रोष व्याप्त है। उनका आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद मंडी में न तो छांव की उचित व्यवस्था है और न ही पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। मजदूरों ने प्रशासन से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जल्द उचित इंतजाम करने की मांग की है।
Source link
नूंह अनाज मंडी में चक्कर खाकर गिरा मजदूर, मौत:धूप में काम करते हुए गर्मी से बिगड़ी तबीयत, सुविधाओं की कमी पर भड़के श्रमिक







