![]()
जींद पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने शुक्रवार को नरवाना के सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर जागरूकता अभियान चलाया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के निर्देश और उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। डीएसपी कमलदीप राणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और आमजन ऑनलाइन माध्यम से नशे से जुड़े व्यक्तियों की गोपनीय सूचना दे सकते हैं। धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज कराएं शिकायत अभियान के दौरान विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा ना करने, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल भुगतान से संबंधित अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने का संदेश दिया गया। डीएसपी ने सड़क सुरक्षा के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस कार्यक्रम में नशा मुक्ति टीम के प्रभारी उप निरीक्षक नरेश कुमार अपनी टीम के साथ, स्कूल की प्राचार्या सिस्टर धान्या, विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अंत में, सभी विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
Source link







