Related Posts

तरनतारन में फिरौती न देने पर मार्बल व्यापारी पर फायरिंग:पुलिस को शिकायत के बाद भी नहीं मिली सुरक्षा, गोलियां चलाते हुए वीडियो बनाते रहे




अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर गोइंदवाल बाईपास के पास स्थित ‘राजस्थान मार्बल स्टोर’ पर तीन अज्ञात बदमाशों ने सरेआम गोलियां बरसाईं। स्टोर के मालिक यशप्रीत सिंह के अनुसार, गैंगस्टर डोनी बल ने उनसे 5 अप्रैल को फोन पर 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। फिरौती न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी, जिसे हमलावरों ने फायरिंग कर अंजाम देने की कोशिश की। फायरिंग का वीडियो बनाते रहे बदमाश वारदात शाम करीब 7 बजे हुई, जब यशप्रीत सिंह अपने स्टोर पर मौजूद थे। मोटरसाइकिल पर आए तीन बदमाशों में से एक ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जबकि दूसरा बदमाश इस पूरी घटना का वीडियो बना रहा था ताकि दहशत फैलाई जा सके। तीसरा आरोपी मोटरसाइकिल स्टार्ट करके भागने के लिए तैयार खड़ा था। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। मार्बल की आड़ में बची जान फायरिंग इतनी भीषण थी कि शोरूम के बाहर लगा टफ ग्लास चकनाचूर हो गया और गोलियां अंदर तक जा लगीं। यशप्रीत सिंह और उनके कर्मचारियों ने मार्बल की स्लैब के पीछे छिपकर बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाई। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस की सुस्ती पर सवाल उठाते हुए कहा कि 5 अप्रैल को शिकायत देने के बावजूद उन्हें समय पर सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई, जिससे उनकी जान को खतरा पैदा हुआ। सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही सदर तरनतारन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं और शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान के लिए तकनीकी सुराग जुटाए जा रहे हैं। सुरक्षा का आश्वासन और मामला दर्ज सदर थाने के हेड अमृतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने पीड़ित व्यापारी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब यशप्रीत सिंह को सुरक्षा (सिक्योरिटी) प्रदान कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारी वर्ग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें