![]()
डेराबस्सी स्थित इंडस अस्पताल एक बार फिर विवादों में आ गया है। जीरकपुर निवासी 80 वर्षीय बृजबाला मल्होत्रा की उपचार के दौरान मौत के बाद उनके परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर डेराबस्सी पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। परिजनों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि मरीज की हालत बिगड़ने के बावजूद पूरे दिन कोई वरिष्ठ डॉक्टर उन्हें देखने नहीं आया। परिजनों के अनुसार, उन्होंने कई बार वरिष्ठ डॉक्टर को बुलाने की मांग की, लेकिन इलाज जूनियर स्टाफ और कंपाउंडर के भरोसे चलता रहा। परिजन बोले- सुबह से शाम तक कोई वरिष्ठ डॉक्टर मरीज को देखने नहीं आया परिजनों ने कहा, “सुबह से शाम तक कोई वरिष्ठ डॉक्टर मरीज को देखने नहीं आया। हमारी मां की मौत अस्पताल की लापरवाही से हुई है।” वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने इन आरोपों को निराधार बताया है। अस्पताल का कहना है कि मरीज की हालत गंभीर थी और इलाज से जुड़े सभी जोखिमों के बारे में परिजनों को पहले ही सूचित कर दिया गया था। प्रबंधन के अनुसार, लिखित सहमति लेने के बाद ही उपचार शुरू किया गया था और चिकित्सकीय मानकों के अनुसार हरसंभव प्रयास किए गए। गौरतलब है कि इंडस अस्पताल पहले भी विवादों में रहा है। अप्रैल 2023 में किडनी ट्रांसप्लांट रैकेट का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एक एसआईटी गठित की थी और स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल का किडनी ट्रांसप्लांट लाइसेंस रद्द कर दिया था। इसी वर्ष अप्रैल में भी एक अन्य मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल गई है। मामले की जांच की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर मेडिकल विशेषज्ञों की राय भी ली जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
डेराबस्सी के अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा:परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप; पुलिस जांच में जुटी







