![]()
सिरसा जिले में डबवाली क्षेत्र के महाग्राम चौटाला में दो दिन से लापता 25 वर्षीय युवक का शव बुधवार सुबह गांव के तालाब से बरामद हुआ। मृतक की पहचान चौटाला गांव के वार्ड नंबर 10 निवासी राय साहब पुत्र श्रवण कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना से परिजनों में मातम छा गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल डबवाली पहुंचाया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सिरसा भेज दिया। जानकारी के अनुसार, युवक, राय साहब सोमवार से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। बताया जा रहा है कि घर में किसी बात को लेकर कहासुनी होने के बाद उसने गांव के तालाब में छलांग लगा दी थी। पड़ोसी ने देखा तालाब में पड़ा शव परिजनों ने बताया कि राय साहब के लापता होने के बाद उन्होंने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन दो दिनों तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। बुधवार सुबह करीब 7 बजे मृतक के एक पड़ोसी ने बस स्टैंड की तरफ से आते हुए तालाब में शव देखा और तुरंत परिजनों व ग्रामीणों को सूचित किया। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। राजमिस्त्री का काम करता था युवक राय साहब शादीशुदा था और उसकी करीब डेढ़ वर्ष की एक बच्ची भी है। वह राजमिस्त्री का काम करता था। युवक की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने इत्तेफाकिया कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
Source link







