![]()
झज्जर-गुरुग्राम रोड पर क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के इंटरनेशनल स्कूल के सामने मिले कामिल और इरशाद के शवों के मामले में झज्जर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हत्या उनके ही साथियों ने ट्रकों से तेल चोरी के धंधे में पैसों के बंटवारे को लेकर की थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अभी फरार हैं। रोज 50-60 हजार की कमाई, साथियों को मिलते थे सिर्फ 1500 रुपए पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक कामिल और इरशाद ट्रकों से तेल चोरी का नेटवर्क चलाते थे। पुलिस के अनुसार, इस धंधे से प्रतिदिन करीब 50 से 60 हजार रुपए की कमाई होती थी। आरोप है कि दोनों अपने साथ काम करने वाले कपिल, सतीश, सिकंदर और विक्रम को केवल 1500-1500 रुपए दिहाड़ी देते थे, जबकि अधिक मुनाफा खुद रख लेते थे। इसी बात को लेकर चारों आरोपी नाराज चल रहे थे। याकूबपुर में मारी गोलियां, सहवाग स्कूल के पास फेंके शव पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने योजना बनाकर याकूबपुर गांव में कामिल और इरशाद की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों के शव काले रंग की एसयूवी में डालकर झज्जर-गुरुग्राम रोड स्थित वीरेंद्र सहवाग के इंटरनेशनल स्कूल के सामने फेंक दिए, ताकि पुलिस जांच को गुमराह किया जा सके। दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी पुलिस ने इस मामले में सतीश और विक्रम को गिरफ्तार किया है। सतीश उत्तर प्रदेश के बड़ौत का रहने वाला है, जबकि विक्रम राजस्थान के बहरोड़ का निवासी है। कपिल और सिकंदर अभी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। हत्या में इस्तेमाल एसयूवी बरामद, रिमांड पर पूछताछ जारी पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई काले रंग की एसयूवी बरामद कर ली है। सतीश को पांच दिन और विक्रम को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में इस दोहरे हत्याकांड से जुड़े अन्य अहम खुलासे भी हो सकते हैं। पुलिस कमिश्नर बोलीं- जांच में सामने आ सकते हैं और राज पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने कहा कि अब तक की जांच में पैसों के बंटवारे को हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि जांच अभी जारी है और रिमांड के दौरान पूछताछ में इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं से भी पर्दा उठ सकता है।
Source link
झज्जर डबल मर्डर का खुलासा:1500 रुपए की दिहाड़ी बनी दोहरे हत्याकांड की वजह, 24 घंटे में पुलिस ने सुलझाया केस







