Related Posts

जेवर पहले ही बच्चों को सौंप चुके थे रिटायर्ड SE:यमुनानगर में खाली हाथ लौटने से पहले कर दी हत्या, पूछताछ में कई बातें आई सामने




यमुनानगर के गांव जठलाना में 81 वर्षीय रिटायर्ड सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (SE) जगदीश बंसल की हत्या के पीछे केवल लूट की मंशा थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी घर में बड़ी रकम और कीमती सामान मिलने की उम्मीद लेकर घुसे थे, लेकिन जब उन्हें कुछ नहीं मिला तो उन्होंने अकेले रह रहे बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार करनाल के गांव घीड निवासी अजय कुमार और अंकित को पहले से जानकारी थी कि जगदीश बंसल गांव में अकेले रहते हैं। यह जानकारी उन्हें जठलाना निवासी देवेंद्र से मिली थी, जिसकी मुलाकात अजय से जेल में हुई थी। देवेंद्र खुद भी लूटपाट के एक मामले में जेल में बंद था। बातचीत के दौरान उसने अजय को बताया था कि गांव में एक रिटायर्ड अधिकारी अकेले रहते हैं और उनके घर में आसानी से चोरी की जा सकती है। इसी के बाद अजय ने जगदीश बंसल के घर लूट की साजिश बनाई और अपने साथी अंकित को साथ लेकर वारदात को अंजाम देने पहुंच गया। जेवर व कीमती सामान पहले ही बच्चों को सौंप चुके थे जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों की पूरी योजना चोरी की थी। उन्हें उम्मीद थी कि रिटायर्ड अधिकारी के घर में जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान मिलेगा। हालांकि हकीकत इससे बिल्कुल अलग निकली। जगदीश बंसल काफी समय पहले ही अपने जेवरात और अन्य कीमती सामान अपने बेटे और बेटी को सौंप चुके थे। वह घर में अधिक नकदी भी नहीं रखते थे। यही कारण रहा कि आरोपियों को घर में उनकी उम्मीद के मुताबिक कोई बड़ी रकम या कीमती सामान नहीं मिला। लूट में कुछ न मिलने पर पकड़े जाने के डर से की हत्या आरोपी 18 जून की रात को दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे थे। उनके पास लोहे की रॉड थी और दोनों नशे में थे। घर के अंदर आवाज होने पर सो रहे जगदीश बंसल की आंख खुल गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को डर था कि बुजुर्ग शोर मचा देंगे या उनकी पहचान कर लेंगे। इसी घबराहट में उन्होंने पहले लोहे की रॉड से हमला किया और बाद में घर में पड़ी कैंची उठाकर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जगदीश बंसल के शरीर पर 17 चोटों के निशान और 8 फ्रैक्चर मिलने की पुष्टि हुई है। सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद भी आरोपी करीब डेढ़ घंटे तक घर में रहे और पूरे मकान को खंगालते रहे। उन्होंने घर में पड़े एक-एक सामान को अच्छे से जांचा। पुलिस लोहे की रॉड व कैंची करेगी बरामद एएसपी आशीष चौधरी के अनुसार अपराध शाखा-1 और अपराध शाखा-2 ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी अजय पर पहले से लूट और चोरी के 6 तथा अंकित पर 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों नशे के आदी बताए गए हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और कैंची की बरामदगी की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि साजिश की जानकारी रखने वाले या आरोपियों की किसी प्रकार मदद करने वाले अन्य लोग तो इसमें शामिल नहीं थे। पुलिस चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए भी पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि 19 जून की सुबह हाउस मेड रुकसाना जब रोजाना की तरह जगदीश बंसल के घर पहुंची तो काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसियों की मदद से घर के अंदर पहुंचने पर जगदीश बंसल खून से लथपथ हालत में मिले थे। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की थी। अब पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें