हरियाणा के हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अस्पताल में 9 जून को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान 65 में से 35 डॉक्टर अपनी ड्यूटी से नदारद मिले थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अब सभी अनुपस्थित डॉक्टरों को शो-कॉज नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) द्वारा निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक (डीजी हेल्थ) को भेजी गई थी। रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने संबंधित डॉक्टरों को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कई ओपीडी-वार्ड मिले थे खाली औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल के कई वार्डों और ओपीडी में डॉक्टर मौजूद नहीं मिले। एक साथ बड़ी संख्या में डॉक्टरों के अनुपस्थित मिलने से अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई विभागों में लंबी कतारें लगी रहीं और मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। इस घटना के बाद सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। 12 डॉक्टरों ने भेजा जवाब सिविल अस्पताल की पीएमओ डॉ. रीना ने बताया कि विभाग द्वारा सभी संबंधित डॉक्टरों से जवाब मांगा गया है। अब तक 35 में से 12 डॉक्टर अपना स्पष्टीकरण भेज चुके हैं। कुछ डॉक्टरों ने बताया है कि वे मेडिकल कैंप में ड्यूटी पर थे, जबकि कुछ ने अवकाश पर होने या शाम की शिफ्ट में कार्यरत होने का हवाला दिया है। जवाबों की होगी समीक्षा इस बारे में सिविल अस्पताल की पीएमओ डॉ रीना का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में प्राप्त सभी जवाबों की समीक्षा उच्च अधिकारियों द्वारा की जाएगी। जिन डॉक्टरों की अनुपस्थिति बिना पूर्व सूचना या वैध कारण के पाई जाएगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच प्रक्रिया जारी है।
Source link
