फरीदाबाद जिले के नीमका गांव निवासी रंकित गुर्जर की 7 जून को जिला जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर लोगों में लगातार नाराजगी बनी हुई है। इसी मामले को लेकर गुरुवार देर शाम को सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने फरीदाबाद में मशाल और कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। यह कैंडल मार्च माता गुजरी बाई चौक से शुरू होकर तेज बहादुर चौक तक निकाला गया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने हाथों में मशाल और मोमबत्तियां लेकर रंकित गुर्जर को श्रद्धांजलि दी और उसके परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। ‘अधिकारी से संतोषजनक जवाब नहीं मिला’ इस प्रदर्शन में नूंह हिंसा के आरोपी राजकुमार पांचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी, समाजसेविका संदीप अधाना सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी का कहना था कि जिला जेल में बंद रंकित गुर्जर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी सही जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। उनका कहना है कि घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक किसी अधिकारी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग सभी ने कहा ने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रंकित गुर्जर की मौत के मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं और सच्चाई सामने लाने के लिए उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। मामले में जिन लोगों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। ‘न्याय नहीं मिला तो आगे भी आंदोलन जारी रखा जाएगा’ विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि रंकित गुर्जर के परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में शामिल लोगो ने कहा कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो आगे भी आंदोलन जारी रखा जाएगा। मशाल मार्च के दौरान लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखी और रंकित गुर्जर के लिए न्याय की मांग की। पूरे मार्च के दौरान लोगों ने प्रशासन से मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए कहा है।
Source link
जेल में बंद युवक की मौत पर प्रदर्शन:फरीदाबाद में रंकित गुर्जर के लिए मशाल मार्च, लोगों ने उठाई न्याय की मांग
