जींद के राज नगर इलाके से एक महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। वरदान हॉस्पिटल में रिसेप्शन पर कार्यरत महिला बीते 24 अप्रैल को दोपहर दो बजे बच्चों की स्कूल फीस जमा कराने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद से वह घर नहीं लौटी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता नरेश कुमार ने बताया कि वह राज नगर, अपोलो रोड, राजा की कोठी के पास का निवासी है। उसकी पत्नी पिछले छह महीने से वरदान हॉस्पिटल में रिसेप्शन पर कार्यरत थी। 24 अप्रैल को दोपहर दो बजे वह बच्चों की स्कूल फीस देने की बात कहकर हॉस्पिटल से निकली थी। महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी ने हरे रंग का सूट, लाल सलवार और पैरों में चप्पल पहनी हुई थी। उसकी लंबाई लगभग पांच फुट तीन इंच और रंग गोरा है। उसका मोबाइल नंबर बंद आ रहा है। नरेश कुमार ने बताया कि उसने अपनी ओर से काफी तलाश की, लेकिन पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला। उन्होंने पुलिस से उसे ढूंढने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने पर धारा 127(6) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि जल्द ही महिला का पता लगाने के प्रयास तेज किए जाएंगे।
Source link
जींद में निजी अस्पताल की महिला रिसेप्शनिस्ट लापता:पति बोला- बच्चों की फीस जमा कराने निकली थी; मोबाइल भी आ रहा बंद
