Related Posts

जालंधर में गुरुद्वारा साहिब के पास स्प्लेंडर चोरी:लॉक तोड़कर की स्टार्ट, तंग गली से आया एक साथी; बाइक पर लगी थी फर्जी नंबर प्लेट




जालंधर के रामगढ़िया गुरुद्वारा साहिब के बाहर बाइक चोरी का मामला सामने आया है। बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दो शातिर चोर कुछ ही सेकेंड में काले रंग की स्प्लेंडर बाइक चोरी कर मौके से फरार होते दिखाई दे रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए अपनी बाइक पर कथित तौर पर नकली नंबर प्लेट लगा रखी थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अपनी दुकान के बाहर काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खड़ी की थी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर PB 08 EX 5272 है। वह दुकान के काम में व्यस्त था। इसी दौरान मौके की तलाश में बैठे चोरों ने रविवार को उसकी बाइक चोरी कर ली और फरार हो गए। जब पीड़ित बाहर आया तो बाइक गायब थी। इसके बाद उसने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर वारदात की तस्वीर साफ हो गई। फुटेज में दो युवक चोरी की घटना को अंजाम देते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक युवक पगड़ी पहने हुए है, जबकि दूसरा बिना पगड़ी के नजर आ रहा है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, दोनों आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया और कुछ ही समय में बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। लॉक तोड़कर मोटरसाइकिल स्टार्ट किया सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, लाल रंग की एक मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक सबसे पहले घटनास्थल के पास पहुंचता है। कुछ ही क्षण बाद उसका साथी एक तंग गली से पैदल आता दिखाई देता है। वह सीधे पीड़ित की बाइक के पास पहुंचता है और कुछ ही सेकेंड में उसका लॉक तोड़कर मोटरसाइकिल स्टार्ट कर लेता है। इसके बाद दोनों आरोपी अपनी-अपनी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं। बाइक पर नकली नंबर प्लेट लगाया जांच में सामने आया है कि चोरी करने आए आरोपियों ने अपनी लाल रंग की मोटरसाइकिल पर कथित तौर पर नकली नंबर प्लेट लगा रखी थी। फुटेज को जूम करने पर बाइक का नंबर PB 08 M 5855 दिखाई दे रहा है। पुलिस को आशंका है कि यह बाइक भी चोरी की हो सकती है या फिर आरोपियों ने पहचान छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज की फिलहाल, पीड़ित की शिकायत के आधार पर स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर विशेषज्ञों की मदद से जांच की जा रही है। आरोपियों के हुलिए और उनकी बाइक के रूट को ट्रैक किया जा रहा है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें