![]()
पंजाब सरकार और डीजीपी पंजाब के निर्देशों पर जालंधर ग्रामीण पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार 3.0” की शुरुआत की। इस अभियान के तहत जिलेभर में बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई। डीआईजी जालंधर रेंज नवीन सिंगला ने अभियान का नेतृत्व किया, जबकि एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने स्वयं विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और तलाशी अभियान का जायजा लिया। यह विशेष अभियान गैंगस्टरों, उनके सहयोगियों, शरण देने वालों, भगोड़े अपराधियों (पीओ), वांछित आरोपियों, जमानत पर बाहर आए अपराधियों तथा अन्य आपराधिक तत्वों को निशाना बनाकर चलाया गया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पूरे जिले में एक साथ 75 स्थानों पर रेड की। इस दौरान 300 से अधिक आपराधिक तत्वों के खिलाफ कानूनी एवं निवारक कार्रवाई की गई। अभियान में 34 FIR दर्ज अभियान में कुल 34 एफआईआर दर्ज की गईं। नए मामलों में 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 71 वांछित आरोपियों और 11 भगोड़े अपराधियों (पीओ) को भी दबोचा गया। पुलिस ने 65 निवारक कार्रवाई भी की। इसके अतिरिक्त, 9 डोजियर और 2 इंटेलिजेंस रिपोर्ट तैयार की गईं, जबकि 12 हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया गया। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर 370 चालान काटे गए और 51 वाहन जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 347 ग्राम हेरोइन, 182 नशीली गोलियां, दो मोटरसाइकिल तथा 15 लीटर 750 मिलीलीटर अवैध शराब बरामद की। एनडीपीएस एक्ट के तहत 31 मामले दर्ज कर 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं एक्साइज एक्ट के तहत तीन मामलों में दो आरोपियों को पकड़ा गया। DIG ने दी मामले की जानकारी डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि ऑपरेशन के तहत पूरे जिले में कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन (सीएएसओ) भी चलाया गया। पुलिस टीमों ने सुनसान स्थानों, परित्यक्त इमारतों, नशा प्रभावित इलाकों और अन्य संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली। संदिग्ध व्यक्तियों, वांछित आरोपियों, पीओ और जमानत पर बाहर आए अपराधियों का सत्यापन भी किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में नाइट डोमिनेशन को और सख्त किया गया है। प्रमुख स्थानों पर विशेष नाके लगाकर वाहनों और लोगों की गहन जांच की जा रही है। जालंधर ग्रामीण में 112 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) चौबीसों घंटे तैनात हैं।
Source link
जालंधर ग्रामीण में ऑपरेशन प्रहार 3.0:पुलिस की 75 जगह छापेमारी; 118 आरोपी गिरफ्तार, 34 एफआईआर दर्ज, हेरोइन बरामद







