फाजिल्का जिले के जलालाबाद क्षेत्र के गांव सुखेरा बोदला से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला ने गांव के सरपंच पर रेप का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि सरपंच उसके घर आधार कार्ड लेने के बहाने आया और उसके साथ जबरदस्ती की। पीड़ित महिला के अनुसार, घटना के समय वह घर पर अकेली थी। उसके पिता जलालाबाद में एक निजी कंपनी में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उसकी मां और भाई किसी अंतिम अरदास में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे। महिला का आरोप है कि वह घर पर कपड़े धो रही थी, तभी गांव का सरपंच वहां पहुंचा और आधार कार्ड मांगने के बहाने घर के अंदर आ गया। इसके बाद उसने दरवाजा बंद कर दिया और उसके साथ जबरदस्ती की। महिला का आरोप- सरपंच ने उसके कपड़े फाड़े महिला ने आरोप लगाया कि सरपंच ने उसके कपड़े फाड़ दिए और उसके साथ रेप किया। महिला ने बताया कि घटना के कुछ समय बाद उसकी मां और भाई घर पहुंच गए, तभी सरपंच वहां से निकल गया। इसके बाद परिवार ने मामले में न्याय की मांग की है। वहीं, आरोपी सरपंच जसविंदर सिंह ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने दावा किया कि यह पूरा मामला एक साजिश के तहत रचा गया है। सरपंच के अनुसार, दो दिन पहले महिला के भाई ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। इस मामले में उन्होंने हस्तक्षेप किया और शिकायत के आधार पर बातचीत करने के लिए संबंधित लोगों के घर गए थे। सरपंच बोला- ब्लैकमेल की कोशिश सरपंच का कहना है कि जांच के दौरान पता चला कि लूट की रकम और मोबाइल महिला के भाई के पास थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की बात की, तो उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि महिला के भाई के खिलाफ पहले से नशे का मामला दर्ज है। इस पूरे मामले को लेकर सदर थाना की एसएचओ शिमला रानी ने बताया कि पुलिस को गांव सुखेरा से दो मामले लूटपाट और रेप संबंधी शिकायतें मिली हैं। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
जलालाबाद में सरपंच पर रेप का आरोप:पीड़िता बोली- मेरे कपड़े फाड़े, सरपंच बोला- ब्लैकमेल करने की कोशिश; पुलिस जांच में जुटी
