![]()
जालंधर में आयोजित 49वीं बीएसएफ अंतर-फ्रंटियर हॉकी चैंपियनशिप-2026 का शुक्रवार को समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में गत वर्ष की विजेता जम्मू फ्रंटियर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब फ्रंटियर को 5-0 से करारी शिकस्त देकर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। यह प्रतियोगिता सीमा सुरक्षा बल के हीरक जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में बीएसएफ परिसर, जालंधर स्थित अश्विनी स्टेडियम में आयोजित की गई थी। समापन समारोह में पंजाब पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एम.एफ. फारूकी, आईपीएस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर के महानिरीक्षक डॉ. अतुल फुलझेले, आईपीएस सहित बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, खेल जगत से जुड़ी हस्तियां और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। जम्मू फ्रंटियर आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया फाइनल मुकाबले में जम्मू फ्रंटियर के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया और पंजाब फ्रंटियर को कोई मौका नहीं दिया। जम्मू फ्रंटियर की जीत के बाद स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह के दौरान बीएसएफ जिम्नास्टिक दल ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, बीएसएफ सीनियर सेकेंडरी स्कूल जालंधर के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में चार चांद लगा दिए। मुख्य अतिथि ने विजेता जम्मू फ्रंटियर टीम को चैंपियन ट्रॉफी और पदक प्रदान किए, जबकि पंजाब फ्रंटियर को उपविजेता ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। एम.एफ. फारूकी ने विजेता टीम को बधाई दी अपने संबोधन में मुख्य अतिथि एम.एफ. फारूकी ने विजेता टीम को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आपसी सौहार्द, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और टीम भावना को मजबूत करने के साथ-साथ बल के जवानों में शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता और ‘एस्प्रिट-डी-कोर’ की भावना को भी बढ़ावा देती हैं।
Source link
जम्मू फ्रंटियर ने पंजाब को 5-0 से हराकर जीती ट्रॉफी:जालंधर में BSF अंतर-फ्रंटियर हॉकी चैंपियनशिप; फारूकी ने विजेता टीम को दिया पुरस्कार







