जगराओं सीआईए स्टाफ ने कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट की कार में सवार दो युवकों को अवैध हथियार समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। उनके कब्जे से एक 32 बोर की अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। दोनों के खिलाफ थाना सदर जगराओं में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह उर्फ संदीप उर्फ सीपू निवासी गांव मधेपुर और मनमोहन सिंह उर्फ मोहना निवासी गांव अक्कूवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है और आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। गश्त के दौरान मिली सूचना सीआईए स्टाफ में तैनात एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ गांव मलक बस स्टैंड के पास गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि दो युवक अवैध हथियार लेकर बिना नंबर प्लेट की काले रंग की क्रेटा कार में गांव बरसाल से गांव पोना की ओर जा रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने गांव बरसाल-पोना रोड पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध क्रेटा कार को रोका गया। जांच के दौरान आरोपियों से कार के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात पेश नहीं कर सके। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक 32 बोर की पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना सदर जगराओं में मामला दर्ज किया। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि उन्होंने यह अवैध हथियार कहां से खरीदा, कितने रुपये में लिया और उनका किसी गैंग से संबंध है या नहीं। इसके अलावा, पुलिस आरोपियों की कॉल डिटेल, आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संपर्कों की भी जांच कर रही है, ताकि उनके अन्य साथियों और संभावित आपराधिक नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
Source link
जगराओं में CIA स्टाफ की कार्रवाई:बिना नंबर प्लेट क्रेटा से 2 युवक गिरफ्तार, पिस्तौल और कारतूस बरामद
