![]()
जगराओं के नलकिया वाला चौक स्थित प्रसिद्ध ‘गोल्डी ज्वैलर्स’ के संचालक से व्हाट्सएप कॉल के जरिए 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और रंगदारी के तार से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, विदेशी नंबर से धमकी देने वाला मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। गोल्डी ज्वैलर्स के संचालक चिराग कत्याल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोपहर करीब 1:33 बजे उनके मोबाइल पर +973 (विदेशी कोड) से शुरू होने वाले एक नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज आए। कॉल करने वाले शख्स ने उनसे सीधे 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।आरोपी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि रकम नहीं दी गई, तो वह उनके पूरे परिवार को जान से मार देगा। डराने के लिए भेजा था QR कोड, पीड़ित ने ट्रांसफर किए थे पैसे चिराग कत्याल ने बताया कि धमकी मिलने के बाद वे डर गए थे। 4 जुलाई को आरोपी ने उन्हें एक QR कोड भेजा। डर के मारे पीड़ित ने उस QR कोड को स्कैन करके 1,000 रुपये ट्रांसफर भी कर दिए और उसकी रसीद (स्क्रीनशॉट) व्हाट्सएप पर आरोपी को भेज दी। लेकिन इसके बाद भी आरोपी का पेट नहीं भरा और वह लगातार बाकी के पैसों के लिए दबाव बनाने और धमकियां देने लगा। इसके बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर पुलिस से संपर्क किया। बैंक खातों की जांच से हत्थे चढ़े दो आरोपी थाना सिटी के एएसआई सुखविंदर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। पुलिस ने सबसे पहले उन बैंक खातों का सुराग लगाया, जिनमें रंगदारी की रकम ट्रांसफर की गई थी। खातों की डिटेल के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह निवासी गांव चडिक, बिट्टा बराड़ निवासी कोटला मेहर, मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और क्या इन्होंने पहले भी किसी अन्य व्यापारी से इस तरह रंगदारी वसूली है। पुलिस का दावा है कि विदेशी नंबर का इस्तेमाल करने वाले मुख्य सरगना को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
जगराओं के ज्वेलर्स से मांगी 5 लाख की रंगदारी:विदेशी नंबर से फोन कर दी थी जान से मारने की धमकी, 2 आरोपी गिरफ्तार







