![]()
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आज रविवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) की अहम बैठक बुलाई गई है। यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी की मौजूदगी में यह बैठक जाट धर्मशाला में होगी। बैठक को लेकर किसान संगठन के साथ-साथ प्रशासन और सरकार की भी नजर बनी हुई है, क्योंकि इसमें कई बड़े मुद्दों पर रणनीति तैयार की जानी है। असल में, चढूनी गुट का 6, 7 और 8 जून को हरिद्वार के वीआईपी घाट पर तीन दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर प्रस्तावित है। कुरुक्षेत्र की प्रदेश स्तरीय बैठक में इसी शिविर के एजेंडे और उसमें उठाए जाने वाले मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसमें देश भर से किसान शामिल हो सकते हैं। ट्रेड डील को लेकर होगी चर्चा बैठक में सबसे बड़ा मुद्दा भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर रहेगा। किसान नेताओं का कहना है कि अमेरिका से एक उच्च स्तरीय कमेटी भारत आने वाली है, जो व्यापार समझौते को लेकर बातचीत करेगी। किसानों को आशंका है कि यदि इस समझौते के तहत अमेरिकी कृषि उत्पादों को भारतीय बाजार में खुली छूट दी गई। किसानों का होगा नुकसान इसका सीधा नुकसान देश के छोटे और मध्यम किसानों को उठाना पड़ेगा। अमेरिका में खेती बड़े स्तर पर होती है और वहां किसानों को भारी सरकारी सब्सिडी मिलती है। ऐसे में अगर अमेरिकी गेहूं, मक्का, दालें और अन्य कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में पहुंचे, तो भारतीय किसानों की फसल के दाम गिर सकते हैं। खेती बन जाएगी घाटे का सौदा इससे मंडियों में स्थानीय किसानों की उपज प्रभावित होगी और खेती पहले से ज्यादा घाटे का सौदा बन सकती है। इसलिए यूनियन के नेता बैठक में इस मुद्दे पर आंदोलन की रूपरेखा, विरोध कार्यक्रम और केंद्र सरकार तक किसानों की बात पहुंचाने की रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही हरिद्वार चिंतन शिविर में किन राष्ट्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा, इस पर भी सहमति बनाई जाएगी। सरकार-प्रशासन की रहेगी नजर उधर, प्रशासनिक स्तर पर भी बैठक को गंभीरता से देखा जा रहा है। किसान संगठनों की आगामी रणनीति और संभावित विरोध कार्यक्रमों को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। माना जा रहा है कि बैठक के बाद यूनियन आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलनात्मक कार्यक्रमों का ऐलान भी कर सकती है।
Source link
चढूनी गुट की प्रदेश स्तरीय बैठक आज:अमेरिकी ट्रेड डील के खिलाफ कुरुक्षेत्र में बनेगी रणनीति, हरिद्वार में चिंतन शिविर पर भी मंथन







